सलोनी तिवारी: रायबरेली जिले के लालगंज कोतवाली क्षेत्र के गंगापुर बरस गांव के पास सोमवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। एक तेज रफ्तार डंपर ने सवारियों से भरे ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को तुरंत नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया। जानकारी के अनुसार, डंपर रायबरेली की ओर से लालगंज आ रहा था, जबकि ऑटो सवारियां लेकर लालगंज से रायबरेली की ओर जा रहा था। इसी दौरान दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही कई थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई और राहत कार्य शुरू कर दिया। पुलिस ने सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया और मामले की जांच शुरू कर दी है।