खड़े ट्रक से टकराई श्रद्धालुओं से भरी बस, एक की मौत, 21 घायल

नवदीप चतुर्वेदी: कानपुर देहात जिले के अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब खड़े ट्रक में श्रद्धालुओं से भरी बस की जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में एक श्रद्धालु की मौत हो गई, जबकि 21 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का उपचार जिले के जिला अस्पताल में चल रहा है।

प्रयागराज महाकुंभ में स्नान के लिए राजस्थान के चित्तौड़गढ़ से 22 श्रद्धालु एक बस से पहुंचे थे। संगम स्नान के बाद वे राजस्थान लौट रहे थे, तभी बारा टोल के पास उनकी बस हाईवे पर खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में सभी 22 श्रद्धालु घायल हो गए, जिनमें से हेमराज नामक व्यक्ति की जिला अस्पताल में मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों और बस यात्रियों के अनुसार, दुर्घटना बस चालक को झपकी आने के कारण हुई, जिससे बस बेकाबू होकर ट्रक से जा भिड़ी। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई, स्थानीय लोग और पुलिस तुरंत मदद के लिए पहुंचे। सभी घायलों को एम्बुलेंस से अस्पताल भेज दिया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *