AMD News: कानपुर नगर। आगामी 24 नवंबर 2026 को जनपद कानपुर नगर के मोतीझील प्रांगण में प्रस्तावित श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व कार्यक्रम को सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए अग्निशमन विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
कार्यक्रम के दृष्टिगत मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) दीपक शर्मा ने क्षेत्रीय अग्निशमन अधिकारी के साथ मोतीझील प्रांगण का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आयोजन स्थल पर अग्निसुरक्षा की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संभावित अग्नि दुर्घटनाओं से बचाव के लिए आवश्यक बिंदुओं की जांच की।
निरीक्षण के दौरान सीएफओ दीपक शर्मा ने संबंधित अधिकारियों एवं आयोजकों को अग्निसुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने आयोजन स्थल पर अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता, आपातकालीन परिस्थितियों में बचाव की व्यवस्था तथा आग लगने की स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए आवश्यक तैयारियां रखने पर जोर दिया।

