AMD News: कानपुर। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए), कानपुर शाखा की ओर से रविवार, 22 नवंबर 2026 को आईएमए चैरिटेबल मल्टीस्पेशियलिटी ओपीडी, आईएमए भवन, 37/7 परेड में निःशुल्क हृदय एवं न्यूरो जांच शिविर का आयोजन किया गया। के केयर मल्टीस्पेशियलिटी हॉस्पिटल, बड़ा चौराहा एवं कार्डियाकमेटेबॉलिक सोसाइटी के सहयोग से आयोजित इस शिविर में कुल 160 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। शिविर में पहुंचे मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सकों से निःशुल्क परामर्श एवं विभिन्न स्वास्थ्य जांचों की सुविधा उपलब्ध कराई गई।
सर्दियों के मौसम में हृदयाघात और स्ट्रोक के बढ़ते खतरे को देखते हुए शिविर का मुख्य उद्देश्य लोगों को इन गंभीर बीमारियों के प्रति जागरूक करना तथा समय रहते उनकी पहचान और बचाव के उपायों की जानकारी देना रहा। शिविर में हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. अमित कुमार एवं न्यूरोलॉजी विशेषज्ञ डॉ. अनिमेष कुमार गुप्ता ने मरीजों का परीक्षण कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया।
शिविर के दौरान ब्लड शुगर, ईसीजी, लिपिड प्रोफाइल, HbA1c और डायबिटिक न्यूरोपैथी सहित विभिन्न महत्वपूर्ण जांचें निःशुल्क की गईं। इसके अतिरिक्त मरीजों को आवश्यक दवाइयों का वितरण किया गया और अन्य जांचों पर विशेष छूट भी प्रदान की गई। शिविर में ब्लड शुगर की 140, ईसीजी की 40, लिपिड प्रोफाइल की 65, HbA1c की 35 तथा डायबिटिक न्यूरोपैथी की 30 जांचें संपन्न हुईं।
इस अवसर पर आईएमए कानपुर के अध्यक्ष डॉ. अमित सिंह गौर ने कहा कि हृदय एवं मस्तिष्क से संबंधित बीमारियां वर्तमान समय में गंभीर स्वास्थ्य चुनौती बनती जा रही हैं। विशेषकर सर्दियों के मौसम में इन बीमारियों का जोखिम बढ़ जाता है। ऐसे में नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित जीवनशैली और समय पर चिकित्सकीय परामर्श बेहद जरूरी है। उन्होंने लोगों से अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की अपील की।
आईएमए चैरिटेबल मल्टीस्पेशियलिटी ओपीडी के चेयरमैन डॉ. आर.एन. चौरसिया ने कहा कि इंडियन मेडिकल एसोसिएशन समाज के प्रति अपनी चिकित्सा संबंधी जिम्मेदारियों के निर्वहन और जनसेवा के लिए सदैव तत्पर रहता है। आईएमए चैरिटेबल मल्टीस्पेशियलिटी ओपीडी इसी सेवा भावना का महत्वपूर्ण उदाहरण है। इसका संचालन आईएमए परिसर में विगत कई वर्षों से प्रतिदिन शाम 4 से 6 बजे तक किया जा रहा है। यहां नगर के वरिष्ठ एवं विशेषज्ञ चिकित्सक निःशुल्क चिकित्सा सेवाएं प्रदान करते हैं। ओपीडी के माध्यम से समय-समय पर विभिन्न बीमारियों से संबंधित निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर और जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाते हैं। भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाते रहेंगे।
कार्यक्रम में आईएमए कानपुर के अध्यक्ष डॉ. अमित सिंह गौर, सचिव डॉ. दीपक श्रीवास्तव, वित्त सचिव डॉ. दिनेश चंद्रा, आईएमए चैरिटेबल मल्टीस्पेशियलिटी ओपीडी के चेयरमैन डॉ. आर.एन. चौरसिया, उपाध्यक्ष डॉ. विकास मिश्रा एवं डॉ. अमित कुमार सहित अन्य चिकित्सक और पदाधिकारी उपस्थित रहे।
शिविर में शामिल मरीजों के लिए फॉलोअप की व्यवस्था
शिविर में स्वास्थ्य परीक्षण कराने वाले मरीजों के आगे के उपचार और स्वास्थ्य स्थिति की समीक्षा के लिए शुक्रवार को शाम 5 से 6 बजे तक आईएमए चैरिटेबल मल्टीस्पेशियलिटी ओपीडी, 37/7 परेड, कानपुर में फॉलोअप परामर्श दिया जाएगा। मरीजों से निर्धारित समय पर पहुंचकर विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श प्राप्त करने की अपील की गई है।

