AMD NEWS: झांसी। जनपद में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सकरार पुलिस एवं आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने ग्राम तेजपुरा घुराट में छापेमारी कर एक महिला को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 30 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की गई, जबकि मौके पर करीब 1,000 लीटर लहन नष्ट कराया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक झांसी विकास कुमार के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक नगर प्रीति सिंह एवं क्षेत्राधिकारी टहरौली क्षत्रपाल सिंह के निकट पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक थाना सकरार पप्पू सिंह के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, 21 नवंबर 2026 को थाना सकरार पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम अवैध शराब के निर्माण एवं बिक्री के विरुद्ध अभियान के तहत ग्राम तेजपुरा घुराट पहुंची। यहां कार्रवाई के दौरान विनीता पत्नी रतन कुमार (30 वर्ष) निवासी ग्राम तेजपुरा घुराट, थाना सकरार, जनपद झांसी को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक प्लास्टिक की जरीकेन में करीब 30 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद हुई।
इसके साथ ही मौके पर शराब बनाने के लिए तैयार किया गया करीब 1,000 लीटर लहन नष्ट कराया गया। पुलिस ने मामले में थाना सकरार में मु0अ0सं0 148/2026 के तहत धारा 60(1) आबकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की है।
इस संयुक्त कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक पप्पू सिंह, आबकारी निरीक्षक सिखिर द्विवेदी, उपनिरीक्षक अनुज कुमार, कांस्टेबल रामप्रकाश राव, आलोक पाल, आबकारी हेड कांस्टेबल जहागीर अहमद, आबकारी आरक्षी शानिराव एवं नरेश कुमार तथा महिला कांस्टेबल वंदना और विशाखा सहित पुलिस एवं आबकारी विभाग की टीम शामिल रही।

