झांसी में मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान तेज, 22 नवंबर को भी लगेंगे विशेष कैम्प; डीएम गौरांग राठी ने किया बूथों का निरीक्षण

AMD NEWS: झांसी। लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता सूची में नाम दर्ज होना आवश्यक है। इसी उद्देश्य से भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत जनपद झांसी में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत विशेष अभियान दिवस आयोजित किया गया। इस दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी गौरांग राठी ने मोंठ तहसील के उच्चतर माध्यमिक विद्यालय करगुवां स्थित विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि वे 22 नवंबर को भी आयोजित होने वाले विशेष कैम्प में पहुंचकर मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांचें।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) से अब तक किए गए कार्यों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि 17 नवंबर को प्रकाशित आलेख्य मतदाता सूची सभी बीएलओ के पास उपलब्ध है। ऐसे में प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए सूची में नाम की जांच करनी चाहिए। विशेष रूप से युवा मतदाताओं और महिलाओं का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने पर प्राथमिकता से ध्यान दिया जाए, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित न रहे।

जिलाधिकारी ने बताया कि जिन पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, वे नया पंजीकरण कराने के लिए फार्म-6 भर सकते हैं। मतदाता सूची से नाम हटाने अथवा किसी प्रकार की आपत्ति दर्ज कराने के लिए फार्म-7 तथा नाम, पता एवं अन्य विवरणों में संशोधन कराने के लिए फार्म-8 का उपयोग किया जा सकता है। सभी आवश्यक फार्म मतदान केंद्रों पर उपलब्ध हैं।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पूर्व में घोषणा पत्र के कारण अप्रैल माह में निरस्त किए गए फार्म-6 के प्रकरणों की भी जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट किया कि नए मतदाता पंजीकरण के लिए अब घोषणा पत्र की आवश्यकता नहीं है। ऐसे मामलों में संबंधित सुपरवाइजर के माध्यम से निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के स्तर पर रोल बैक की कार्रवाई कराते हुए पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराए जाएं।

उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि एक ही परिवार के सदस्यों के नाम अलग-अलग मतदान केंद्रों पर दर्ज होने संबंधी त्रुटियों को अभियान चलाकर चिन्हित किया जाए और आवश्यक संशोधन कराकर उनका समाधान सुनिश्चित किया जाए।

जिलाधिकारी ने बताया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के दौरान प्रत्येक मतदान केंद्र पर नागरिकों की सहायता के लिए हेल्प डेस्क सक्रिय की गई है। इसके माध्यम से मतदाता आवेदन प्रक्रिया और अन्य आवश्यक जानकारियां प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा जनपद में कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है। मतदाता किसी भी जानकारी अथवा शिकायत के लिए 0510-2371100 और टोल फ्री नंबर 1950 पर संपर्क कर सकते हैं।

जिला निर्वाचन अधिकारी गौरांग राठी ने जनपदवासियों से अपील की कि वे जागरूक मतदाता बनें, अपने मताधिकार के प्रति सजग रहें और मतदाता सूची में अपना नाम सुनिश्चित कर लोकतंत्र को सशक्त बनाने में भागीदारी निभाएं।

निरीक्षण के दौरान निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं उप जिलाधिकारी मोंठ आशीष कुमार, एडीएम आकाश रंजन, उच्चतर माध्यमिक विद्यालय करगुवां के प्रधानाचार्य, सुपरवाइजर, बीएलओ, बीएलए सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *