कानपुर के चार ब्लॉकों में फाइलेरिया उन्मूलन अभियान शुरू, 6.70 लाख लोगों को दवा खिलाने का लक्ष्य

AMD NEWS: कानपुर नगर। जनपद को फाइलेरिया मुक्त बनाने के उद्देश्य से बिधनू, ककवन, बिल्हौर और चौबेपुर ब्लॉकों में सामूहिक दवा सेवन (एमडीए) अभियान का शुभारंभ बृहस्पतिवार को किया गया। बिधनू ब्लॉक सभागार में ब्लॉक प्रमुख अरुण कुमार कोरी ने स्वयं फाइलेरिया रोधी दवा का सेवन कर अभियान की शुरुआत की। इस अवसर पर नोडल अधिकारी डॉ. राजेश्वर सिंह, जिला मलेरिया अधिकारी ए.के. सिंह और चिकित्सा अधीक्षक डॉ. नीरज सचान ने भी दवा खाकर लोगों को जागरूकता का संदेश दिया।

ब्लॉक प्रमुख अरुण कुमार कोरी ने लोगों से अपील की कि फाइलेरिया जैसी गंभीर और लाइलाज बीमारी से बचाव के लिए निर्धारित दवा का सेवन अवश्य करें। उन्होंने कहा कि जब स्वास्थ्यकर्मी दवा खिलाने घर पहुंचें तो उनके सामने ही दवा का सेवन करें। किसी भी प्रकार के भ्रम या आशंका में न रहें। स्वयं दवा खाने के साथ परिवार और आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें। जनपद को फाइलेरिया मुक्त बनाने में सामुदायिक सहभागिता की महत्वपूर्ण भूमिका है।

चार ब्लॉकों में 6.70 लाख लोगों को दवा खिलाने का लक्ष्य

नोडल अधिकारी डॉ. राजेश्वर सिंह ने बताया कि एमडीए अभियान सात दिसंबर तक संचालित होगा। इसके तहत चारों ब्लॉकों में कुल 6.70 लाख पात्र लोगों को फाइलेरिया रोधी दवा खिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान के प्रभावी संचालन के लिए 90 सुपरवाइजर और 1,084 दवा प्रदाताओं की तैनाती की गई है। इसके अलावा दो सदस्यीय 542 टीमें गठित की गई हैं।

स्वास्थ्यकर्मी घर-घर पहुंचकर पात्र लोगों को निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार एल्बेंडाजोल, डाईइथाइल कार्बामजीन और आइवरमेक्टिन दवाओं का सेवन कराएंगे। इस बार प्रवासियों, दवा सेवन से इनकार करने वाले लोगों और अब तक कभी फाइलेरिया रोधी दवा नहीं लेने वाले व्यक्तियों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि जनपद के इन चारों ब्लॉकों में माइक्रोफाइलेरिया (एमएफ) की दर एक प्रतिशत से अधिक है।

दवा सेवन से पहले बरतें सावधानी, खाली पेट न खाएं दवा

जिला मलेरिया अधिकारी ए.के. सिंह ने बताया कि दो वर्ष से कम उम्र के बच्चों, गर्भवती महिलाओं और गंभीर बीमारी से पीड़ित व्यक्तियों को छोड़कर सभी पात्र लोगों को फाइलेरिया रोधी दवा का सेवन करना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि दवा खाली पेट नहीं खानी चाहिए।

दवा सेवन के बाद उल्टी या चक्कर आने जैसी हल्की प्रतिक्रिया हो सकती है। इससे घबराने की जरूरत नहीं है। ऐसी स्थिति में आशा कार्यकर्ता से संपर्क करना चाहिए। अधिक परेशानी होने पर स्वास्थ्य विभाग की मदद ली जा सकती है। इस तरह की स्थितियों से निपटने के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर रैपिड रिस्पॉन्स टीम (आरआरटी) गठित की गई है।

नुक्कड़ नाटक से दिया फाइलेरिया बचाव का संदेश

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर लोगों को फाइलेरिया से बचाव और दवा सेवन के महत्व के प्रति जागरूक किया। उनके प्रयासों की सराहना करते हुए ब्लॉक प्रमुख ने विद्यार्थियों को मेडल देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ), हितधारक मंच (पीएसपी) के सदस्य, फाइलेरिया मरीज लक्ष्मी और स्वास्थ्य सखी किरण मौजूद रहीं। अंत में उपस्थित लोगों ने जनपद को फाइलेरिया मुक्त बनाने की शपथ ली।

स्वास्थ्य सखी किरण ने कहा कि वह अपने गांव को फाइलेरिया मुक्त देखना चाहती हैं। इसी उद्देश्य से पीएसपी से जुड़कर ग्रामीणों को बीमारी से बचाव के प्रति जागरूक कर रही हैं और दवा सेवन के लिए प्रेरित करती हैं। उन्होंने बताया कि फाइलेरिया मरीजों की परेशानियों को करीब से देखने के बाद उन्होंने संकल्प लिया है कि गांव के किसी अन्य व्यक्ति को इस बीमारी की पीड़ा न झेलनी पड़े।

पीएसपी सदस्यों ने दवा खाकर बढ़ाया अभियान का उत्साह

अभियान के तहत चौबेपुर ब्लॉक के आयुष्मान आरोग्य मंदिर (एएएम), सहजाउरा उम्मेदपुर में पीएसपी सदस्यों की पहल पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां आशा कार्यकर्ता सीमा कमल सहित 38 लोग मौजूद रहे, जिनमें से 34 लोगों ने फाइलेरिया रोधी दवा का सेवन किया।

बिधनू ब्लॉक के आयुष्मान आरोग्य मंदिर, आउंधा में सीएचओ-पीएसपी सदस्य एवं राशन विक्रेता प्रियंका राजपूत ने दवा खाकर अभियान की शुरुआत की। यहां कुल 36 लोगों ने दवा का सेवन किया।

इसी क्रम में चौबेपुर ब्लॉक के आयुष्मान आरोग्य मंदिर, कुकरादेव में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसमें ग्राम प्रधान विद्यासागर, सीएचओ कृष्णा, आशा कार्यकर्ता मिथलेश, कोटेदार महेश चंद्र, स्वास्थ्य सखी निर्मला और समूह अध्यक्ष प्रियंका सहित अन्य लोगों ने सहभागिता की। यहां 12 लोगों ने फाइलेरिया रोधी दवा खाई।

इन सभी कार्यक्रमों में आशा कार्यकर्ताओं, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के कर्मचारियों और सहयोगी संस्थाओं विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ), पाथ, प्रोजेक्ट कंसर्न इंटरनेशनल (पीसीआई) तथा सेंटर फॉर एडवोकेसी एंड रिसर्च (सीफॉर) के प्रतिनिधियों ने सहयोग किया।

जनस्वास्थ्य विभाग का यह अभियान फाइलेरिया संक्रमण की रोकथाम के साथ-साथ समुदाय में दवा सेवन के प्रति विश्वास बढ़ाने और जनपद को इस बीमारी से मुक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *