AMD NEWS: कानपुर नगर। राष्ट्रीय तम्बाकू नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित तम्बाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 के तहत गुरुवार को जी.एन.के. इंटर कॉलेज, सिविल लाइन्स और बी.एन.एस.डी. शिक्षा निकेतन, चुन्नीगंज में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को ई-सिगरेट, वेपिंग उपकरणों और अन्य तम्बाकू उत्पादों के सेवन से होने वाले स्वास्थ्य संबंधी नुकसान के साथ ही इनके नियंत्रण के लिए बनाए गए कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई।कार्यक्रम में जनपद सलाहकार निधि वाजपेयी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि ई-सिगरेट को सामान्य सिगरेट का सुरक्षित विकल्प मानना गलत है। ई-सिगरेट से निकलने वाले एरोसोल में निकोटीन सहित कई हानिकारक पदार्थ मौजूद हो सकते हैं। निकोटीन की लत विशेष रूप से किशोरों और युवाओं के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा है। उन्होंने विद्यार्थियों से ई-सिगरेट, वेपिंग उपकरणों और अन्य तम्बाकू उत्पादों से दूर रहने तथा अपने परिवार और मित्रों को भी इनके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने की अपील की।ई-सिगरेट के उत्पादन और बिक्री पर प्रतिबंध की दी जानकारीजागरूकता कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट निषेध अधिनियम (पेका), 2019 के प्रावधानों की जानकारी दी गई। बताया गया कि देश में ई-सिगरेट के उत्पादन, निर्माण, आयात, निर्यात, परिवहन, बिक्री, वितरण और विज्ञापन पर प्रतिबंध है। अधिनियम की धारा 4 का उल्लंघन करने पर पहली बार एक वर्ष तक का कारावास अथवा एक लाख रुपये तक का जुर्माना या दोनों हो सकते हैं। दोबारा उल्लंघन करने पर तीन वर्ष तक का कारावास और पांच लाख रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान है।इसी तरह धारा 5 के तहत ई-सिगरेट के भंडारण पर भी प्रतिबंध है। इसके उल्लंघन पर छह माह तक का कारावास अथवा 50 हजार रुपये तक का जुर्माना या दोनों हो सकते हैं।विद्यार्थियों को सिगरेट एवं अन्य तम्बाकू उत्पाद अधिनियम (कोटपा), 2003 के बारे में भी बताया गया। इसके तहत सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान प्रतिबंधित है। 18 वर्ष से कम आयु के व्यक्तियों को तम्बाकू उत्पाद बेचना तथा शिक्षण संस्थानों के 100 गज के दायरे में इनकी बिक्री करना भी प्रतिबंधित है। नियमों का उल्लंघन करने पर 200 रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान है। इसके अतिरिक्त तम्बाकू उत्पादों के विज्ञापन पर प्रतिबंध और पैकेटों पर स्वास्थ्य संबंधी चेतावनी की अनिवार्यता के बारे में भी जानकारी दी गई।प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने लिया हिस्सातम्बाकू मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत जनपद के नोडल अधिकारी एवं डिप्टी सीएमओ डॉ. एस.पी. यादव ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान ई-सिगरेट, तम्बाकू सेवन के दुष्प्रभावों और कानूनी प्रावधानों पर आधारित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।कार्यक्रम के अंत में छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को तम्बाकू एवं अन्य नशीले उत्पादों से दूर रहने तथा समाज में नशामुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर दोनों विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
