AMD NEWS:
कानपुर नगर। चकरपुर मंडी में बदहाल सफाई व्यवस्था को लेकर उत्तर प्रदेश राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद के निदेशक जितेंद्र प्रताप सिंह ने कड़ा रुख अपनाया है। बुधवार को किए गए औचक निरीक्षण में मंडी परिसर में जगह-जगह गंदगी और नालियां चोक मिलने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई। इस मामले में उपनिदेशक प्रशासन (विपणन) संजय कुमार सिंह और मंडी समिति कानपुर के सचिव विजिन कुमार बालियान को नोटिस जारी किया गया है। दोनों अधिकारियों को व्यवस्थाएं सुधारने के लिए 10 दिन का समय दिया गया है। निर्धारित अवधि में सुधार नहीं होने पर निलंबन की कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। वहीं, 28 नवंबर को निदेशालय की टीम दोबारा मंडी का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा करेगी।
निरीक्षण के दौरान निदेशक को मंडी परिसर के कई हिस्सों में गंदगी के ढेर मिले। नालियां चोक थीं और लंबे समय से उनकी सफाई नहीं कराई गई थी। सफाई व्यवस्था पर प्रतिमाह पर्याप्त धनराशि खर्च होने के बावजूद मंडी की ऐसी स्थिति देखकर निदेशक ने अधिकारियों से जवाब तलब किया। उन्होंने तत्काल नालियों की सफाई कराने, कूड़े का नियमित उठान सुनिश्चित करने और पूरे परिसर में स्वच्छता व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। इसके अलावा मंडी को अतिक्रमण मुक्त कराने और खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों को जल्द ठीक कराने को कहा।
इस दौरान निदेशक ने मंडी परिसर में पीपीपी मॉडल के तहत निर्माणाधीन 10 सीटों वाले सार्वजनिक शौचालय का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने और निर्धारित मानकों के अनुरूप काम पूरा कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही निर्माणाधीन नीलामी चबूतरे की प्रगति की जानकारी लेते हुए इसे 15 दिनों के भीतर पूरा कराने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि मंडी में चल रहे सभी निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी की जाए, ताकि गुणवत्ता और समयसीमा से किसी प्रकार का समझौता न हो।
निरीक्षण के दौरान निदेशक ने मंडी में कारोबार करने वाले व्यापारियों और आढ़तियों से भी बातचीत की तथा उनकी समस्याएं सुनीं। व्यापारियों ने पेयजल की बेहतर सुविधा के लिए अतिरिक्त वाटर कूलर लगवाने की मांग उठाई। वर्तमान में मंडी परिसर में छह वाटर कूलर क्रियाशील हैं। इसके अलावा व्यापारियों ने बताया कि मंडी की बिजली आपूर्ति ग्रामीण फीडर से संचालित होती है, जिसके चलते उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने मंडी को शहरी बिजली फीडर से जोड़ने की मांग की। निदेशक ने दोनों मांगों पर आवश्यक कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया।
निदेशक जितेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि प्रदेश की मंडियों में सितंबर-अक्टूबर से ‘स्वच्छ मंडी, शुभ मंडी’ अभियान संचालित किया जा रहा है। इसके बावजूद चकरपुर मंडी में स्वच्छता की स्थिति संतोषजनक नहीं मिली। उन्होंने स्पष्ट किया कि अभियान के तहत लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। स्वच्छता अभियान में बेहतर कार्य करने वाले कर्मचारियों को पुरस्कृत किया जाएगा, जबकि जिम्मेदारी में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (नगर) सौरभ सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

