AMD NEWS: झाँसी। सर्वाइकल कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाने और महिलाओं को स्वास्थ्य एवं कानूनी अधिकारों की जानकारी देने के उद्देश्य से 17 नवंबर 2026 को वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई राजकीय महिला महाविद्यालय, झाँसी में एक दिवसीय स्वास्थ्य एवं विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में आयोजित इस शिविर में छात्राओं को सर्वाइकल कैंसर के लक्षण, बचाव, नियमित स्वास्थ्य जांच और एचपीवी (HPV) टीकाकरण के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।यह कार्यक्रम जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की अध्यक्ष श्रीमती कमलेश कच्छल के मार्गदर्शन तथा सिविल जज (सीनियर डिवीजन) एवं प्रभारी सचिव श्री मुन्नालाल के निर्देशन में आयोजित किया गया।शिविर में स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. दीक्षा शर्मा और डॉ. अंशिका श्रीवास्तव ने छात्राओं को सर्वाइकल कैंसर के कारणों, शुरुआती लक्षणों तथा इससे बचाव के तरीकों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जागरूकता, नियमित स्वास्थ्य जांच, समय पर चिकित्सकीय परामर्श और एचपीवी टीकाकरण इस बीमारी से बचाव की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। उन्होंने छात्राओं को अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने और किसी भी असामान्य लक्षण को नजरअंदाज न करने की सलाह दी।वहीं, अमोघ फाउंडेशन की ओर से उपस्थित दंत चिकित्सक डॉ. कीर्ति बुंदेला ने छात्राओं को समग्र स्वास्थ्य, मुख स्वास्थ्य, संतुलित पोषण और व्यक्तिगत स्वच्छता के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि बेहतर स्वास्थ्य के लिए नियमित दिनचर्या और स्वच्छता संबंधी आदतों को अपनाना आवश्यक है।महिलाओं को बताए संवैधानिक और कानूनी अधिकारकार्यक्रम में चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल, झाँसी के श्री प्रतीक समाधिया ने छात्राओं को महिलाओं के संवैधानिक एवं विधिक अधिकारों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक महिला को स्वस्थ, सुरक्षित और गरिमापूर्ण जीवन जीने का अधिकार प्राप्त है। इस दौरान महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े प्रमुख कानूनों, निःशुल्क विधिक सहायता योजनाओं तथा राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) की हेल्पलाइन नंबर 15100 के बारे में भी विस्तार से बताया गया।महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. डॉ. अनुभा श्रीवास्तव ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि स्वास्थ्य और कानूनी जागरूकता से जुड़े ऐसे कार्यक्रम छात्राओं के शारीरिक, मानसिक एवं विधिक सशक्तीकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।शिविर के सफल आयोजन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की पराविधिक स्वयंसेवक समीरा खान, नेहा श्री, प्रीति शर्मा एवं शशि रायकवार ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापकगण और बड़ी संख्या में छात्राएं मौजूद रहीं।

