AMD NEWS: कानपुर नगर, 17 नवंबर 2026। जनपद में फाइलेरिया उन्मूलन को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसके तहत 19 नवंबर से 7 दिसंबर 2026 तक जिले के चार ब्लॉकों बिधनू, ककवन, चौबेपुर और बिल्हौर में सर्वजन दवा सेवन (एमडीए) अभियान चलाया जाएगा। अभियान के दौरान लगभग 6.77 लाख पात्र लोगों को फाइलेरिया रोधी दवाएं खिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस अभियान की तैयारियों और आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग एवं सहयोगी संस्था सेंटर फॉर एडवोकेसी एंड रिसर्च (सीफॉर) के संयुक्त तत्वावधान में एक होटल में मीडिया संवेदीकरण कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरीदत्त नेमि के निर्देशन में संपन्न हुआ।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरीदत्त नेमि ने बताया कि जनपद के चारों ब्लॉकों में फाइलेरिया के कुल 571 मरीज चिह्नित हैं। इनमें 470 मरीज लिम्फेडेमा और 101 मरीज हाइड्रोसील से पीड़ित हैं। अभियान के अंतर्गत ट्रिपल ड्रग थेरेपी (आईडीए) के तहत आइवरमेक्टिन, डीईसी और एल्बेंडाजोल दवाएं दी जाएंगी। इन दवाओं के सेवन से शरीर में मौजूद फाइलेरिया के परजीवियों को समाप्त करने और संक्रमण के प्रसार को रोकने में मदद मिलती है।
अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए 90 सुपरवाइजर और 1,084 दवा प्रदाताओं की तैनाती की गई है। इसके लिए 542 दो सदस्यीय टीमें गठित की गई हैं। स्वास्थ्यकर्मियों का प्रशिक्षण, दवाओं की उपलब्धता और अभियान की नियमित निगरानी की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।
सीएमओ ने बताया कि फाइलेरिया मच्छरों के काटने से फैलने वाला संक्रामक रोग है, जो शरीर के लसीका तंत्र को प्रभावित करता है। इस बीमारी के लक्षण संक्रमण के 10 से 15 वर्ष बाद भी सामने आ सकते हैं। समय पर बचाव और उचित देखभाल न होने पर हाथ-पैरों में असामान्य सूजन (लिम्फेडेमा) और हाइड्रोसील जैसी गंभीर एवं दीर्घकालिक समस्याएं हो सकती हैं। इससे प्रभावित व्यक्ति का सामाजिक और आर्थिक जीवन भी प्रभावित होता है।
उन्होंने बताया कि फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम दो प्रमुख रणनीतियों पर आधारित है। पहली रणनीति सर्वजन दवा सेवन (एमडीए) है, जिसके तहत पात्र लोगों को दवा खिलाकर संक्रमण की श्रृंखला तोड़ने का प्रयास किया जाता है। दूसरी रणनीति रुग्णता प्रबंधन एवं दिव्यांगता रोकथाम (एमएमडीपी) है। इसके तहत मरीजों को प्रभावित अंगों की नियमित सफाई, स्वच्छता, व्यायाम और उचित देखभाल की जानकारी दी जाती है। जरूरत पड़ने पर हाइड्रोसील सर्जरी की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाती है। उन्होंने सभी पात्र नागरिकों से अभियान के दौरान दवा का सेवन करने की अपील की।
कार्यशाला की अध्यक्षता कर रहे अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रमित रस्तोगी ने बताया कि अभियान को जन आंदोलन का रूप देने के लिए गांवों और मोहल्लों में रैलियां, गोष्ठियां और नुक्कड़ नाटक आयोजित किए जा रहे हैं। स्कूलों में क्विज और पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिताओं के माध्यम से बच्चों को भी जागरूक किया जा रहा है। आशा कार्यकर्ता और स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर लोगों की भ्रांतियों एवं आशंकाओं को दूर कर उन्हें दवा सेवन के लिए प्रेरित कर रही हैं।
उन्होंने बताया कि अभियान में विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ), पाथ, प्रोजेक्ट कंसर्न इंटरनेशनल (पीसीआई) और सीफॉर जैसी संस्थाएं सहयोग कर रही हैं। इसके अलावा ग्राम प्रधानों, कोटेदारों, स्वयं सहायता समूहों, रोगी हितधारक मंच (पीएसपी) के सदस्यों, स्वयंसेवकों, आशा एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, शिक्षकों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को भी अभियान से जोड़ा गया है। पंचायती राज, खाद्य एवं रसद, बाल विकास एवं पुष्टाहार, शिक्षा विभाग तथा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन का भी सहयोग लिया जा रहा है। ग्राम प्रधानों और कोटेदारों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया है, ताकि वे लोगों को दवा सेवन के प्रति जागरूक कर सकें।
जिला मलेरिया अधिकारी ने अभियान के दौरान दवा सेवन को लेकर आवश्यक सावधानियों की जानकारी देते हुए बताया कि एक वर्ष से कम आयु के बच्चों, गर्भवती महिलाओं और गंभीर रूप से बीमार व्यक्तियों को फाइलेरिया रोधी दवाएं नहीं दी जाएंगी। इसके साथ ही प्रसव के एक सप्ताह के भीतर की धात्री महिलाओं को भी दवा नहीं खिलाई जाएगी। दवा भोजन करने के बाद प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मी की मौजूदगी में दी जाएगी और लाभार्थी को दवा उनके सामने ही खानी होगी।
उन्होंने बताया कि दवा सेवन के बाद कुछ लोगों को उल्टी, चक्कर, खुजली या जी मिचलाने जैसे हल्के एवं अस्थायी लक्षण हो सकते हैं। ऐसी स्थिति में स्वास्थ्यकर्मियों से संपर्क करना चाहिए। इसके लिए जनपद में रैपिड रिस्पॉन्स टीम (आरआरटी) का गठन किया गया है।
कार्यशाला में जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के कम्युनिटी मेडिसिन विभागाध्यक्ष डॉ. संतोष वर्मन ने फाइलेरिया उन्मूलन अभियान में मेडिकल कॉलेज की भूमिका पर प्रकाश डाला। वहीं सीएचओ-पीएसपी सदस्य एवं फाइलेरिया मरीज महेंद्रनाथ ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि वह लोगों को इस बीमारी से बचाव और दवा सेवन के लिए जागरूक कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पीएसपी से जुड़ने का उनका उद्देश्य है कि जिस तरह की परेशानियों का सामना उन्हें बीमारी के कारण करना पड़ा, वैसी स्थिति किसी अन्य व्यक्ति के जीवन में न आए।
रमईपुर निवासी स्वास्थ्य सखी किरन ने भी अभियान में सामुदायिक सहभागिता को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि वह आशा कार्यकर्ताओं के साथ घर-घर जाकर लोगों को फाइलेरिया के जोखिम और बचाव के उपायों के प्रति जागरूक कर रही हैं।
कार्यक्रम में सहायक मलेरिया अधिकारी, पाथ एवं पीसीआई के प्रतिनिधि, फाइलेरिया मरीज लक्ष्मी सहित बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे। स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि अभियान के दौरान पात्रता के अनुसार फाइलेरिया रोधी दवाओं का सेवन अवश्य करें और इस बीमारी के उन्मूलन में सहयोग दें।
फाइलेरिया संबंधी जानकारी के लिए संपर्क करें: जिला मलेरिया अधिकारी ए.के. सिंह – 9452122959 | टोल फ्री नंबर – 104

