AMD NEWS: इटावा। बाल दिवस के उपलक्ष्य में चाणक्य होटल, इटावा के कॉन्फ्रेंस हॉल में विभिन्न स्कूलों के 100 से अधिक बच्चों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की बुनियादी जानकारी और प्रशिक्षण निःशुल्क प्रदान किया गया। AGINIX AI के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यशाला में बच्चों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। नई तकनीक को समझने के प्रति बच्चों में विशेष रुचि देखने को मिली। उन्होंने पूरे ध्यान से प्रशिक्षण प्राप्त किया और विषय से जुड़े सवाल पूछकर अपनी जिज्ञासाओं एवं शंकाओं का समाधान भी किया।
कार्यक्रम के आयोजकों ने बताया कि आगामी 14 दिसंबर को इटावा महोत्सव एवं प्रदर्शनी पंडाल में जनपद के विभिन्न विद्यालयों के लगभग 1000 बच्चों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का निःशुल्क प्रशिक्षण देने की योजना है। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक से परिचित कराना और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप उनके कौशल का विकास करना है।
इंजीनियर अजय वर्मा ने इटावा जिले के सभी स्कूलों, अध्यापकों, चिकित्सकों, अधिवक्ताओं और व्यवसायियों को AI वर्कशॉप से जोड़ने का संकल्प लिया है। उनका उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों तक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की उपयोगी जानकारी पहुंचाना है, जिससे लोग इस नई तकनीक को समझकर अपने कार्यक्षेत्र में इसका बेहतर इस्तेमाल कर सकें।
इस अभियान को आगे बढ़ाते हुए वर्ष 2027 में उत्तर प्रदेश के निजी विद्यालयों में भी विद्यालय प्रबंध समितियों के सहयोग से निःशुल्क AI कार्यशालाएं आयोजित करने की योजना बनाई गई है। प्रारंभिक चरण में लखनऊ, कानपुर, अयोध्या, मेरठ, झांसी, आगरा, बरेली और वाराणसी सहित प्रदेश के अन्य जनपदों के विद्यालयों से संपर्क कर विद्यार्थियों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
AGINIX AI की ट्रेनिंग कोऑर्डिनेटर एवं AI एजुकेटर डॉ. स्नेहलता उमराव ने बताया कि पिछले दो महीनों में उनकी टीम इटावा और आसपास के क्षेत्रों में लगभग 950 बच्चों एवं शिक्षकों को निःशुल्क कार्यशालाओं के माध्यम से प्रशिक्षित कर चुकी है। उन्होंने कहा कि आज के बच्चों के लिए नई तकनीक को जानना और समझना बेहद जरूरी है। AI का ज्ञान उनके कौशल को बेहतर बनाने के साथ भविष्य में रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर तलाशने में भी मददगार साबित हो सकता है।
डॉ. स्नेहलता उमराव ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य केवल प्रशिक्षण देना ही नहीं, बल्कि युवाओं को अपने शहर और देश में ही बेहतर अवसर तलाशने के लिए सक्षम बनाना भी है। इसके लिए टीम प्रशिक्षण के दौरान और उसके बाद भी युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के माध्यम से रोजगार एवं करियर के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रही है।
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तेजी से शिक्षा, चिकित्सा, व्यापार और अन्य क्षेत्रों में अपनी उपयोगिता बढ़ा रहा है। ऐसे में स्कूली विद्यार्थियों से लेकर विभिन्न पेशों से जुड़े लोगों तक AI की बुनियादी जानकारी पहुंचाने की यह पहल डिजिटल जागरूकता और तकनीकी कौशल विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

