झांसी: जिलाधिकारी गौरांग राठी ने पीएचसी टहरौली का किया औचक निरीक्षण, मेटरनिटी न्यू बॉर्न केयर यूनिट स्थापित करने की पहल

AMD NEWS: झांसी। ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने और सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी गौरांग राठी ने मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. शिशिर पुरी के साथ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) टहरौली का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ओपीडी, प्रसव सेवाओं, दवाओं की उपलब्धता, साफ-सफाई और अन्य चिकित्सकीय व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सबसे पहले ओपीडी का निरीक्षण किया और प्रभारी चिकित्साधिकारी से मरीजों की संख्या एवं उन्हें उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। प्रभारी चिकित्साधिकारी ने बताया कि स्वास्थ्य केंद्र में प्रतिमाह लगभग 600 मरीज ओपीडी में उपचार के लिए पहुंचते हैं।

इसके बाद जिलाधिकारी ने प्रसव संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने बताया कि स्वास्थ्य केंद्र में एएनएम और स्टाफ नर्स तैनात हैं तथा यहां प्रतिमाह लगभग 30 सामान्य प्रसव कराए जा रहे हैं। इस पर जिलाधिकारी ने पीएचसी टहरौली में मेटरनिटी न्यू बॉर्न केयर यूनिट स्थापित करने के लिए प्रस्ताव तैयार कर प्रेषित करने के निर्देश दिए, ताकि गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराई जा सकें।

साफ-सफाई और भवन की व्यवस्था सुधारने के निर्देश

स्वास्थ्य केंद्र के भवन एवं परिसर का निरीक्षण करते समय जिलाधिकारी ने पुताई और साफ-सफाई की व्यवस्था में सुधार की आवश्यकता महसूस की। उन्होंने उप जिलाधिकारी टहरौली और खंड विकास अधिकारी गुरसराय को निर्देश दिए कि रोगी कल्याण समिति के खाते में डोनेशन के माध्यम से धनराशि उपलब्ध कराने के लिए क्षेत्र के संभ्रांत एवं सक्षम व्यक्तियों को प्रेरित किया जाए। इस धनराशि का उपयोग स्वास्थ्य केंद्र की पुताई और साफ-सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने में किया जाएगा।

दवाओं के स्टॉक का किया रैंडम सत्यापन

औचक निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने औषधि वितरण केंद्र का भी निरीक्षण किया। उन्होंने स्टॉक रजिस्टर में दर्ज दवाओं की उपलब्धता का रैंडम सत्यापन किया। इस दौरान Ceftriaxone Injection IP के स्टॉक का रजिस्टर में दर्ज मात्रा से मिलान किया गया, जो सही पाया गया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि दवाओं के स्टॉक रजिस्टर को नियमित रूप से अपडेट रखा जाए और दवाओं के रखरखाव एवं वितरण की व्यवस्था व्यवस्थित होनी चाहिए।

सर्पदंश के मरीजों को पीएचसी में ही मिलेगा उपचार

निरीक्षण के दौरान एक महत्वपूर्ण विषय सर्पदंश के मरीजों के उपचार का भी सामने आया। प्रभारी चिकित्साधिकारी ने बताया कि स्वास्थ्य केंद्र में एंटी स्नेक वेनम उपलब्ध है, लेकिन सांप के काटने से प्रभावित मरीज उपचार के लिए पीएचसी आने के बजाय जिला मुख्यालय चले जाते हैं।

इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित उप जिलाधिकारी और पुलिस क्षेत्राधिकारी को निर्देश दिए कि अपने अधीनस्थों के माध्यम से क्षेत्र में व्यापक प्रचार-प्रसार कराएं कि पीएचसी टहरौली में एंटी स्नेक वेनम उपलब्ध है। ग्रामीणों और सर्पदंश से प्रभावित व्यक्तियों के परिजनों को इसकी जानकारी दी जाए, जिससे मरीजों को समय पर उपचार मिल सके और अनमोल जीवन की रक्षा की जा सके।

स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार शासन की प्राथमिकता

जिलाधिकारी गौरांग राठी ने कहा कि आमजन को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाए और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में लगातार सुधार किया जाए, ताकि ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को छोटी-बड़ी चिकित्सकीय सुविधाओं के लिए अनावश्यक रूप से जिला मुख्यालय न जाना पड़े।

निरीक्षण के दौरान नोडल अधिकारी गुरसराय डॉ. रवि शंकर, उप जिलाधिकारी टहरौली आशीष कुमार सिंह, प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. के.एल. पाल, डॉ. ओपी राजपूत सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *