कानपुर में दर्दनाक हादसा: कच्ची छत ढहने से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत, 20 दिन के मासूम ने भी तोड़ा दम

AMD NEWS: कानपुर। शहर के पनकी पड़ाव इलाके में रविवार सुबह एक बेहद दर्दनाक हादसा हो गया। बारिश व जर्जर हालत के चलते एक मकान की बांस की बल्लियों के सहारे टिकी कच्ची छत अचानक ढह गई। हादसे में मलबे के नीचे दबने से सास, बहू और महज 20 दिन के मासूम पोते की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि परिवार का एक अन्य सदस्य मामूली रूप से घायल हो गया।

यह हादसा रविवार सुबह लगभग साढ़े आठ से नौ बजे के बीच हुआ। पनकी पड़ाव निवासी अवधेश शुक्ला अपने बेटों हर्ष और राजू के साथ यहां रहते हैं। हर्ष स्टील अथॉरिटी में कार्यरत हैं और उनकी शादी दो साल पहले अंशिका (28) से हुई थी। करीब 20 दिन पहले ही घर में नवजात शिशु का जन्म हुआ था, जिससे परिवार में खुशियों का माहौल था।

घटना के समय ससुर अवधेश और छोटा बेटा राजू घर के दूसरे कमरे में मौजूद थे, जिससे वे सुरक्षित बच गए। वहीं, दूसरे कमरे में सास विनोदिनी शुक्ला (60) कुर्सी पर बैठी थीं और बहू अंशिका अपने 20 दिन के मासूम बेटे आरव को दूध पिला रही थीं। इसी दौरान कच्ची छत बांस की बल्लियों समेत भरभराकर गिर पड़ी।

जोरदार आवाज और चीख-पुकार सुनकर आसपास के पड़ोसी तुरंत मौके पर पहुंचे। पड़ोसियों ने कड़ी मशक्कत कर मलबे को हटाया और दबे हुए चारों लोगों को बाहर निकालकर तुरंत कल्याणपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने विनोदिनी शुक्ला, अंशिका शुक्ला और 20 दिन के मासूम आरव शुक्ला को मृत घोषित कर दिया। वहीं, हादसे में घायल अंशिका के पति हर्ष शुक्ला (32) का प्राथमिक उपचार किया गया, उन्हें हल्की चोटें आई हैं।

मुख्यमंत्री ने जताया शोक, राहत कार्य के दिए निर्देश उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कानपुर हादसे का संज्ञान लिया है। सीएम योगी ने शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। इसके साथ ही उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत कार्य तेज करने, पीड़ित परिवार से संवाद कर हर संभव सहायता उपलब्ध कराने और घायल के समुचित इलाज के निर्देश दिए हैं।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसीपी अमित चौरसिया ने बताया कि हादसे में मिट्टी की कच्ची छत ढहने से तीन लोगों की मौत हुई है। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है। इस दुखद हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर व्याप्त है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *