कानपुर में धनतेरस-दीपावली पर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद, घोड़े पर सवार होकर पुलिस आयुक्त ने किया सर्राफा बाजार का निरीक्षण

AMD NEWS: कानपुर। धनतेरस एवं दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए कानपुर पुलिस पूरी तरह सतर्क नजर आ रही है। त्योहारों के दौरान बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ और सुरक्षा संबंधी चुनौतियों को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने प्रमुख बाजारों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

इसी क्रम में आज पुलिस आयुक्त कानपुर नगर रघुबीर लाल ने घोड़े पर सवार होकर शहर के प्रमुख बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) डॉ. विपिन ताडा, पुलिस उपायुक्त पूर्वी, अपर पुलिस उपायुक्त पूर्वी सहित भारी पुलिस बल एवं स्थानीय थाना पुलिस मौजूद रही।

पुलिस अधिकारियों ने फूलबाग से बिरहाना रोड होते हुए घंटाघर तक गश्त की। इस दौरान विशेष रूप से सर्राफा बाजार में सुरक्षा व्यवस्था पर ध्यान दिया गया। बाजार में आने-जाने वाले संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन चेकिंग की गई। साथ ही अवांछनीय तत्वों पर निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान भीड़भाड़ वाले बाजारों, प्रमुख मार्गों और सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा प्रबंधों की स्थिति का जायजा लिया गया। पुलिस अधिकारियों ने व्यापारियों एवं स्थानीय नागरिकों से बातचीत कर उन्हें त्योहारों की शुभकामनाएं दीं और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आश्वस्त किया।

पुलिस प्रशासन की ओर से नागरिकों और व्यापारियों से अपील की गई कि बाजारों में किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। त्योहारों के दौरान सतर्कता बरतें और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।

धनतेरस एवं दीपावली के मद्देनजर पुलिस की इस विशेष गश्त का उद्देश्य बाजारों में सुरक्षा का माहौल मजबूत करना, अपराधियों पर अंकुश लगाना और आम नागरिकों को निर्भय होकर खरीदारी करने का वातावरण उपलब्ध कराना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *