AMD NEWS: लखनऊ। उत्तर प्रदेश में आगामी पर्व एवं त्योहारों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश की कानून-व्यवस्था और तैयारियों की उच्चस्तरीय समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि त्योहारों के दौरान सुरक्षा, स्वच्छता, यातायात और नागरिक सुविधाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि त्योहार आपसी सौहार्द, खुशियों और उत्साह का प्रतीक हैं। उत्सव के माहौल को उपद्रव में बदलने की किसी भी साजिश को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अराजक और असामाजिक तत्वों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सोशल मीडिया पर 24 घंटे निगरानी रखने और अफवाह, भ्रामक सूचना अथवा शरारतपूर्ण बयानबाजी के जरिए माहौल खराब करने वालों के खिलाफ तत्काल विधिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
अयोध्या दीपोत्सव में श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
श्री अयोध्या धाम में आगामी 7 नवंबर को आयोजित होने वाले भव्य दीपोत्सव की तैयारियों की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा। उन्होंने अंतरजनपदीय और स्थानीय स्तर पर सुगम यातायात व्यवस्था बनाने तथा रूट डायवर्जन प्लान पहले से तैयार कर आमजन तक पहुंचाने के निर्देश दिए। प्रमुख मंदिरों और संवेदनशील धार्मिक स्थलों पर 24 घंटे पर्याप्त पुलिस बल तैनात रखने को भी कहा गया।
बाजारों में 24 घंटे पुलिस निगरानी, CCTV कैमरे रहेंगे सक्रिय
धनतेरस और दीपावली के मद्देनजर मुख्यमंत्री ने प्रमुख बाजारों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के आसपास 24×7 पुलिस निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सघन पैदल गश्त, सीसीटीवी कैमरों की सक्रियता और पीआरवी-112 की निरंतर उपलब्धता पर जोर दिया। वरिष्ठ पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को स्वयं फील्ड में उतरकर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करने को कहा गया।
पटाखों की दुकानों और अग्नि सुरक्षा पर विशेष सतर्कता
पटाखों की बिक्री और अग्नि सुरक्षा को लेकर मुख्यमंत्री ने विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पटाखों की दुकानें और अस्थायी गोदाम घनी आबादी से दूर खुले एवं सुरक्षित स्थानों पर ही स्थापित किए जाएं। अग्निशमन विभाग पर्याप्त फायर टेंडर और जीवनरक्षक उपकरणों के साथ 24 घंटे हाई अलर्ट पर रहे, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके।
निर्बाध बिजली और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में त्योहारों के दौरान रोस्टरमुक्त निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही लोगों को लगातार शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने और साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था बनाए रखने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि पर्वों के दौरान आम नागरिकों को मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान नहीं होना चाहिए।
त्योहार से पहले आउटसोर्स कर्मियों और आंगनवाड़ी कार्यकर्त्रियों को मिले मानदेय
कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि आउटसोर्स कार्मिकों और आंगनवाड़ी कार्यकर्त्रियों का मानदेय त्योहार से पहले अनिवार्य रूप से उनके बैंक खातों में अंतरित किया जाए, जिससे वे भी त्योहार की खुशियों में शामिल हो सकें।
खाद की कालाबाजारी और जमाखोरी करने वालों पर होगी कार्रवाई
किसानों के हितों की रक्षा पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारियों को यूरिया और डीएपी खाद की पर्याप्त उपलब्धता पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि खाद का कृत्रिम संकट पैदा करने, जमाखोरी करने अथवा निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर खाद बेचने वालों के खिलाफ तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर कठोर कार्रवाई की जाए।
धान क्रय केंद्रों पर किसानों को न हो परेशानी
मुख्यमंत्री ने धान खरीद व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि क्रय केंद्रों पर किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। किसानों की उपज की तौल पूरी पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ की जाए। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी किसान अपनी उपज बेचे बिना निराश होकर क्रय केंद्र से वापस न लौटे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि दीपावली और अन्य आगामी पर्वों के दौरान प्रदेश में शांति, सुरक्षा, सुचारु यातायात, बेहतर नागरिक सुविधाओं और किसानों के हितों से जुड़े सभी इंतजाम समय रहते पूरे किए जाएं। किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।

