कानपुर। युवा बन्नू बिरादरी चैरिटेबल सोसाइटी, कानपुर नगर के तत्वावधान में मोतीझील ग्राउंड में 45वें फ्रंटियर दशहरा मेले का आयोजन किया जा रहा है। दो दिवसीय इस आयोजन में सांस्कृतिक कार्यक्रमों, लंका दहन, मेघनाथ के पुतले का दहन, भव्य आतिशबाजी और रावण दहन सहित कई आकर्षक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मेले को लेकर आयोजन समिति की ओर से तैयारियां की जा रही हैं।
अशोक नगर स्थित कानपुर जर्नलिस्ट क्लब में आयोजित प्रेसवार्ता में समिति के प्रधान महेश भाटिया ने बताया कि 19 अक्टूबर 2026 को भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा। इस दौरान लंका दहन, मेघनाथ के पुतले का दहन और नयनाभिराम आतिशबाजी आकर्षण का केंद्र रहेंगे। कार्यक्रम में अपर पुलिस आयुक्त, कानपुर नगर विपिन टाडा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
वहीं, 20 अक्टूबर 2026 को शाम 7:30 बजे भव्य आतिशबाजी और रात 9:30 बजे रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार, इस अवसर पर कानपुर के जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। रिमोट कंट्रोल तकनीक से रावण के दसों शीशों का दहन कार्यक्रम का विशेष आकर्षण होगा।
वृद्धाश्रम पर आधारित प्रस्तुति देंगे स्कूली बच्चे
मेले के अंतर्गत 19 अक्टूबर को इंडियन हेरिटेज स्कूल, नवीन नगर, कानपुर के विद्यार्थी वृद्धाश्रम पर आधारित एक मार्मिक सांस्कृतिक प्रस्तुति देंगे। इसके अलावा संगीत, नृत्य और अन्य रंगारंग कार्यक्रमों के माध्यम से दर्शकों का मनोरंजन किया जाएगा।
सोसाइटी के महासचिव रोहित भाटिया और कोषाध्यक्ष प्रमोद कुमार भाटिया सहित समिति के पदाधिकारियों ने आयोजन को सफल बनाने में जुटे सभी सदस्यों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। समिति ने शहरवासियों से परिवार सहित मेले में पहुंचकर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लेने की अपील की है।
आयोजकों के मुताबिक, फ्रंटियर दशहरा मेला मनोरंजन के साथ-साथ भारतीय संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और दशहरा पर्व के महत्व से जुड़ने का अवसर भी प्रदान करेगा

