झाँसी। स्वच्छ एवं सुंदर झाँसी के निर्माण और सार्वजनिक स्थलों पर कूड़ा फेंकने की प्रवृत्ति को रोकने के उद्देश्य से नगर निगम झाँसी एवं स्मार्ट सिटी की पहल पर राजगढ़ में औद्योगिक वेस्ट से विकसित सेल्फी पॉइंट का लोकार्पण किया गया। इस पहल के जरिए स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, संसाधनों के पुनः उपयोग और जनभागीदारी का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मंडलायुक्त झाँसी मंडल श्री बिमल दुबे तथा विशिष्ट अतिथि नगर आयुक्त एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी, झाँसी स्मार्ट सिटी लिमिटेड श्री अन्ना सुधन उपस्थित रहे। इस अवसर पर नगर निगम, स्मार्ट सिटी और बुंदेलखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के पदाधिकारियों एवं वरिष्ठ सदस्यों ने सहभागिता की।
औद्योगिक कचरे का रचनात्मक उपयोग
औद्योगिक वेस्ट के रचनात्मक पुनः उपयोग से तैयार किया गया यह सेल्फी पॉइंट पर्यावरण संरक्षण और संसाधनों के बेहतर प्रबंधन का उदाहरण है। इसका उद्देश्य लोगों को सार्वजनिक स्थलों पर कूड़ा न फैलाने और शहर को स्वच्छ बनाए रखने के प्रति जागरूक करना है।
बुंदेलखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष श्री धीरज खुल्लर ने सेल्फी पॉइंट की परिकल्पना एवं उद्देश्य की जानकारी देते हुए नगर निगम प्रशासन, स्मार्ट सिटी और संबंधित अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सामूहिक सहयोग से साकार हुई यह पहल स्वच्छ एवं सुंदर झाँसी के निर्माण में जनभागीदारी को बढ़ावा देगी।
मंडलायुक्त ने सामाजिक संगठनों से की अपील
मंडलायुक्त श्री बिमल दुबे ने इस पहल की सराहना करते हुए सामाजिक संगठनों और औद्योगिक संस्थानों से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण तथा प्रदूषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए आगे आने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रशासन और समाज के संयुक्त प्रयासों से ऐसी पहलों को व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाया जा सकता है।
नगर आयुक्त श्री अन्ना सुधन ने कहा कि नगर निगम प्रशासन शहर की स्वच्छता एवं जनहित से जुड़ी सकारात्मक पहलों का स्वागत करता है। उन्होंने सामाजिक संगठनों और औद्योगिक संस्थानों को नए विचारों एवं प्रस्तावों के साथ नगर निगम कार्यालय आने के लिए आमंत्रित किया। साथ ही आश्वस्त किया कि ऐसे प्रस्तावों पर विचार कर संबंधित संगठनों के सहयोग से शहर की स्वच्छता और बेहतर सामाजिक व्यवस्था के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।
नगर निगम और चैंबर के पदाधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम का संचालन बुंदेलखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के संयुक्त सचिव श्री अमित सिंह ने किया। उन्होंने पहल की सराहना करते हुए अतिथियों, अधिकारियों, चैंबर पदाधिकारियों एवं सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया और स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने के लिए सामूहिक सहयोग की अपील की।
इस अवसर पर चैंबर के महासचिव श्री पवन सरावगी, श्री लखनलाल गुप्ता, श्री संजय राय, श्री अतुल किलपन, श्री राजू परवार, श्री सुशील परेछा, श्री राजीव मेहता तथा पिताम्बरा बुक्स के श्री विवेक बंसल सहित अन्य वरिष्ठ सदस्य उपस्थित रहे।
नगर निगम की ओर से नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विनीत, पशु चिकित्साधिकारी डॉ. राघवेंद्र तथा स्मार्ट सिटी के अधिकारी भी मौजूद रहे।
बुंदेलखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री ने नागरिकों, सामाजिक संगठनों एवं औद्योगिक संस्थानों से स्वच्छ झाँसी, सुंदर झाँसी और पर्यावरण संरक्षण के संकल्प को साकार करने के लिए सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

