उज्जैन: ब्राह्मण समाज के पदाधिकारियों ने बिजासन माता और अंबे माता मंदिर में की आरती-पूजन, खिचड़ी प्रसाद वितरित

उज्जैन। अखिल भारतीय ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष सुरेंद्र चतुर्वेदी के नेतृत्व में समाज के पदाधिकारियों ने उज्जैन स्थित सावन-भादो बिजासन माता मंदिर एवं अंबे माता मंदिर में आयोजित आरती-पूजन कार्यक्रमों में सहभागिता की। इस दौरान माता रानी की आरती कर विधि-विधान से पूजन किया गया और श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।

चामुंडा माता चौराहा स्थित सावन-भादो बिजासन माता मंदिर में माता ट्रस्ट प्रमुख अरुण शर्मा, पंडित शैलेश दुबे (प्रदेश मंत्री) एवं मंदिर समिति के अध्यक्ष राम गोपाल शर्मा के संयोजन में आरती-पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर खिचड़ी प्रसाद का वितरण भी किया गया।

कार्यक्रम में अखिल भारतीय ब्राह्मण समाज के महामंत्री तरुण उपाध्याय, सचिव शैलेंद्र द्विवेदी, योगेश शर्मा, दिनेश रावल सहित समाज के अन्य पदाधिकारी शामिल हुए। सभी ने माता रानी के दर्शन कर समाज एवं जनकल्याण की मंगलकामना की।

इसके पश्चात समाज के पदाधिकारी आगर रोड स्थित मोहन नगर के अंबे माता मंदिर पहुंचे। यहां पार्षद शिवेंद्र तिवारी के संयोजन में आयोजित आरती-पूजन कार्यक्रम में शामिल होकर माता रानी की आरती की तथा श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया।

दोनों मंदिरों में आयोजित धार्मिक कार्यक्रमों में श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव के साथ सहभागिता की। आयोजकों ने धार्मिक आयोजनों के माध्यम से सामाजिक समरसता, सेवा और धार्मिक आस्था को मजबूत करने का संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *