अपर जिलाधिकारी शिव प्रताप शुक्ल ने कहा कि आगामी एक माह त्योहारों की दृष्टि से संवेदनशील है। इस दौरान बाजारों में भीड़ बढ़ेगी और विभिन्न आयोजनों में महिलाओं, बच्चों तथा वरिष्ठ नागरिकों की बड़ी संख्या में सहभागिता होगी। ऐसे में सभी विभाग विशेष सतर्कता बरतें और आवश्यक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करें। उन्होंने पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने तथा जिला स्तर पर कंट्रोल रूम सक्रिय रखकर कानून-व्यवस्था की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए।
900 से अधिक स्थानों पर स्थापित होंगी मां दुर्गा की प्रतिमाएं
अपर जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में परंपरागत रूप से लगभग 900 से अधिक स्थानों पर मां दुर्गा की प्रतिमाएं स्थापित की जाती हैं। उन्होंने आयोजन समितियों से संवाद करते हुए सुझाव दिया कि प्रतिमाओं की स्थापना सुरक्षित एवं उपयुक्त सार्वजनिक स्थलों पर की जाए, ताकि सामान्य यातायात प्रभावित न हो। साथ ही लोगों की धार्मिक आस्था और जनभावनाओं का पूरा सम्मान किया जाए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जहां पहले से प्रतिमाएं स्थापित होती रही हैं, वहीं परंपरा के अनुसार स्थापना की जाए। कोई नई परंपरा शुरू न की जाए और प्रतिमा विसर्जन के जुलूस मार्ग में भी बदलाव न किया जाए।
मूर्ति विसर्जन स्थलों पर बैरिकेडिंग और सीसीटीवी लगाने का सुझाव
मूर्ति विसर्जन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अपर जिलाधिकारी ने कहा कि स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार पुलिस बल की तैनाती की रणनीति तैयार की जाए। नदियों में जलस्तर बढ़ने के कारण दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए विसर्जन समितियों से समन्वय कर अस्थायी तालाबों में प्रतिमाओं का विसर्जन कराने को प्राथमिकता दी जाए।
उन्होंने विसर्जन स्थलों पर बैरिकेडिंग और सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था करने का सुझाव भी दिया, जिससे किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
रामलीला स्थलों पर महिला पुलिस और अग्निशमन व्यवस्था के निर्देश
रामलीला आयोजनों का उल्लेख करते हुए अपर जिलाधिकारी ने कहा कि रामलीला हमारी प्राचीन संस्कृति का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल होते हैं। देर रात तक चलने वाले कार्यक्रमों को देखते हुए सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए जाएं।
उन्होंने रामलीला पंडालों के आसपास सीसीटीवी कैमरे और अग्निशमन सुरक्षा उपकरण लगाने, आवश्यकतानुसार पुलिस बल तैनात करने तथा महिला आरक्षियों की ड्यूटी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही नियमित पुलिस पेट्रोलिंग पर भी जोर दिया।
उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों और शरारतपूर्ण बयान देने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए कड़ी कार्रवाई की जाए।
बिजली, सड़क और स्वच्छता व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश
अपर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि त्योहारों के दौरान निर्धारित रोस्टर के अनुसार निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। प्रतिमा विसर्जन मार्गों सहित अन्य स्थानों पर लटक रहे बिजली के तारों को जल्द ठीक कराया जाए।
इसके अलावा नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता और सैनिटाइजेशन अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। ग्राम्य विकास, पंचायतीराज और नगर विकास विभाग को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा गया।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी घटना को छोटा समझकर नजरअंदाज न किया जाए। संबंधित पक्षों की बात सुनकर समय से प्रभावी कार्रवाई की जाए। संवेदनशील मामलों में वरिष्ठ अधिकारी स्वयं मौके पर पहुंचें और आयोजन समितियों के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखें।
ड्यूटी स्थल पर तैनात रहें पुलिसकर्मी : एसपी सिटी
पुलिस अधीक्षक नगर प्रीति सिंह ने त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी अपने निर्धारित तैनाती स्थल पर ही मौजूद रहें। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने आश्वस्त किया कि उपद्रवियों, अराजक तत्वों और शोहदों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि आम नागरिक निर्भय होकर त्योहार मना सकें।
विसर्जन से पहले सड़कों का पैचवर्क पूरा करने का आश्वासन
बैठक में लोक निर्माण विभाग, प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता रंजीत सिंह ने बताया कि नगर की सड़कों पर पैचवर्क का कार्य युद्धस्तर पर कराया जा रहा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि प्रतिमा विसर्जन से पहले सभी संबंधित कार्य गुणवत्ता के साथ पूरे कर लिए जाएंगे।
इस दौरान नरोत्तम स्वामी, मुकेश अग्रवाल, पं. पीयूष रावत, विश्व हिंदू परिषद के विनोद अवस्थी, अतुल अग्रवाल किल्पन और रविश त्रिपाठी सहित अन्य लोगों ने त्योहारों के मद्देनजर लटकते विद्युत तारों को ठीक कराने, सड़कों को गड्ढामुक्त करने, अतिक्रमण की समस्या दूर करने तथा आयोजन स्थलों पर पुलिस व्यवस्था मजबूत करने के सुझाव दिए।
बैठक में एडीएम वित्त एवं राजस्व पल्लवी मिश्रा, नगर मजिस्ट्रेट योगेश्वर सिंह, क्षेत्राधिकारी पुलिस, समस्त उपजिलाधिकारी तथा विद्युत विभाग, लोक निर्माण विभाग, जल निगम और जल संसाधन विभाग सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

