शिकोहाबाद की टायर फैक्टरी में भीषण आग, आसमान में छाया काले धुएं का गुबार

शिकोहाबाद। नौशहरा क्षेत्र के उरमुरा किरार स्थित एसएमवीडी टायर फैक्टरी में रविवार दोपहर अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। देखते ही देखते फैक्टरी से आग की ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं और पूरे इलाके में आसमान काले धुएं के गुबार से भर गया।

जानकारी के अनुसार रविवार दोपहर करीब ढाई बजे फैक्टरी में अचानक आग लग गई। आग की भयावहता को देखते हुए आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के लिए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

दमकल कर्मियों ने आग को नियंत्रित करने के लिए लगातार प्रयास किए। फैक्टरी में टायर और अन्य ज्वलनशील सामग्री मौजूद होने के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप धारण किया। फिलहाल आग लगने के कारणों और इससे हुए नुकसान का स्पष्ट आकलन नहीं हो सका है।

घटना की सूचना मिलने पर एसडीएम राजेश शुक्ला, सीओ जयविन्द गुप्ता और इंस्पेक्टर अनुज राणा सहित पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम आग लगने के कारणों के साथ-साथ फैक्टरी में हुए नुकसान की जानकारी जुटा रही है।

प्रशासन की ओर से स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद ही नुकसान का वास्तविक आंकलन सामने आने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *