झांसी में स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी परीक्षा-2025 शांतिपूर्ण एवं नकलविहीन संपन्न, 3063 परीक्षार्थी रहे अनुपस्थित

झांसी। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग, प्रयागराज द्वारा आयोजित स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी (स्क्रीनिंग) परीक्षा-2025 जनपद झांसी में रविवार, 04 अक्टूबर 2026 को एक पाली में निर्धारित 14 परीक्षा केंद्रों पर सकुशल, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न हुई। परीक्षा सुबह 09:30 बजे से दोपहर 11:30 बजे तक आयोजित की गई।

परीक्षा में कुल 5635 परीक्षार्थियों को शामिल होना था, जिनमें से 2572 परीक्षार्थी उपस्थित रहे, जबकि 3063 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।

अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण

नकलविहीन एवं शुचितापूर्ण परीक्षा संपन्न कराने के लिए अपर जिलाधिकारी प्रशासन श्री शिव प्रताप शुक्ल ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों एवं संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए परीक्षा की शुचिता बनाए रखने में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।

अपर जिलाधिकारी श्री शिव प्रताप शुक्ल एवं एसपी सिटी प्रीति सिंह ने बुंदेलखंड विश्वविद्यालय, एसपीआई इंटर कॉलेज, सूरज प्रसाद बालिका इंटर कॉलेज, नेशनल हाफिज सिद्दीकी इंटर कॉलेज एवं वीएमएल राजकीय महिला महाविद्यालय सहित विभिन्न केंद्रों का निरीक्षण किया।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि परीक्षा को नकलविहीन एवं शुचितापूर्ण ढंग से संपन्न कराने में किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सोशल मीडिया पर भी कड़ी निगरानी रखी गई और भ्रामक अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर रहा पूर्ण प्रतिबंध

परीक्षा केंद्रों में मोबाइल फोन, घड़ी सहित किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण या गैजेट को ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहा। मुख्य द्वार पर परीक्षार्थियों की तलाशी सुनिश्चित की गई, ताकि किसी भी प्रकार के अनुचित साधन के प्रयोग को रोका जा सके।

महिला परीक्षार्थियों की तलाशी के लिए अलग से विधिवत इनक्लोजर/केबिन की व्यवस्था की गई, जहां महिला कर्मियों द्वारा ही तलाशी ली गई।

परीक्षा केंद्रों पर स्टैटिक मजिस्ट्रेट एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात रहे। सभी अधिकारी अपने-अपने निर्धारित केंद्रों पर मुस्तैद रहे। केंद्र व्यवस्थापकों द्वारा परीक्षार्थियों के प्रवेश, बैठने की व्यवस्था, पेयजल, शौचालय एवं प्रकाश व्यवस्था पहले से सुनिश्चित की गई थी। निरीक्षण के दौरान सभी केंद्रों पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरे लगातार संचालित मिले।

बाहर से आने वाले परीक्षार्थियों के लिए हेल्प डेस्क

जिलाधिकारी के निर्देश पर बाहर से आने वाले परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए भी विशेष व्यवस्थाएं की गईं। नगर मजिस्ट्रेट श्री योगेश्वर सिंह ने रात्रि में भ्रमण कर बाहर से आने वाले परीक्षार्थियों से संवाद किया तथा उन्हें आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई। उन्होंने रेलवे स्टेशन पर बनाए गए हेल्प डेस्क का भी निरीक्षण किया।

परीक्षा के दौरान यातायात व्यवस्था एवं अन्य व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने के लिए अधिकारियों ने विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण किया।

अधिकारियों एवं कार्मिकों को दी बधाई

अपर जिलाधिकारी प्रशासन श्री शिव प्रताप शुक्ल ने परीक्षा को शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने में सहयोग देने वाले सभी अधिकारियों, मजिस्ट्रेटों, पुलिसकर्मियों, केंद्र व्यवस्थापकों एवं परीक्षा से जुड़े समस्त कार्मिकों को बधाई दी।

निरीक्षण के दौरान टीपीओ श्री दिनेश सिंह राजपूत, कमांडेंट पीआरडी श्री शिवराम सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी श्री सुरेंद्र कुमार पटेल, पुलिस बल, केंद्र व्यवस्थापक तथा बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *