गांधी जयंती पर शिप्रा सफाई के लिए उतरी क्रेन, त्रिशूल शिवगण वाहिनी ने चलाया विशेष अभियान

उज्जैन। महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर त्रिशूल शिवगण वाहिनी द्वारा चलाए जा रहे “निर्मल और प्रवाहमान शिप्रा अभियान” के तहत मंगलनाथ घाट पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान शिप्रा नदी की सफाई के लिए क्रेन का उपयोग किया गया। संस्था के अनुसार, नदी की सफाई के लिए इस तरह मशीनरी का उपयोग किए जाने का यह पहला अवसर रहा।

क्रेन की मदद से नदी में बेतरतीब तरीके से पड़े गणपति मूर्तियों के स्ट्रक्चर, बांस, बल्लियों और अन्य बड़े सामान को बाहर निकाला गया। वहीं, अभियान में शामिल सदस्यों ने नदी से निर्माल्य सामग्री और कचरा भी बाहर निकालकर घाट की सफाई की।

त्रिशूल शिवगण वाहिनी के संस्थापक सुरेंद्र चतुर्वेदी ने बताया कि निर्मल शिप्रा अभियान में विभिन्न संगठनों और समाज के लोग एकजुट होकर स्वच्छता कार्य में सहयोग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह अभियान सांकेतिक रूप से जनसामान्य में जागरूकता पैदा करने, अधिक से अधिक लोगों को शिप्रा स्वच्छता से जोड़ने और प्रशासन के प्रयासों में सहयोग करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।

संस्था के संस्थापक त्रिशूलपाणी आदित्य नागर ने कहा कि शिप्रा को निर्मल और प्रवाहमान बनाने का अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि 21 से 24 नवंबर तक उद्गम से संगम तक संपूर्ण शिप्रा प्रदक्षिणा यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा के माध्यम से नदी के किनारे रहने वाले ग्रामीणों और शहरवासियों को शिप्रा संरक्षण के प्रति जागरूक किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि शिप्रा नदी और उज्जैन की जल संरचनाओं को स्वच्छ रखना स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ यहां आने वाले श्रद्धालुओं की भी जिम्मेदारी है। अभियान के माध्यम से लोगों से नदी को स्वच्छ रखने और इसे निर्मल एवं प्रवाहमान बनाने में सहयोग की अपील की जाएगी।

शिप्रा को स्वच्छ रखने का लिया संकल्प

महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर उपस्थित नागरिकों ने शिप्रा नदी को स्वच्छ और प्रवाहमान बनाए रखने की शपथ ली। सभी ने संकल्प लिया कि वे पवित्र नगरी उज्जैन और मोक्षदायिनी शिप्रा नदी की स्वच्छता एवं संरक्षण के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे।

त्रिशूल शिवगण वाहिनी एवं अखिल भारतीय ब्राह्मण समाज के नेतृत्व में यह अभियान पिछले एक सप्ताह से चलाया जा रहा है और इसे निरंतर जारी रखने की बात कही गई है। अभियान में विभिन्न समाजों और सामाजिक संगठनों के लोग भी भाग ले रहे हैं।

संतों, सामाजिक संगठनों और नगर निगम टीम ने लिया हिस्सा

कार्यक्रम में जूना अखाड़ा के महंत नीलेश्वरानंद पुरी महाराज, श्री प्रकाश पुरी जी महाराज, साध्वी दीदी एवं संत समाज की मौजूदगी रही। इसके अलावा ब्राह्मण समाज के प्रदेश मंत्री चंद्रशेखर शर्मा, शैलेंद्र द्विवेदी, शैलेश दुबे, दीपक शर्मा, नागर ब्राह्मण समाज से ओम प्रकाश नागर, नरेंद्र नागर, प्रकाश व्यास, रमेश रघुवंशी, ऐश्वर्य नागर, विराट जोशी, आकाश मालवीय, दिग्विजय ठाकुर, निर्मल बगोरिया, योगेश सहित अनेक लोगों ने अभियान में सहभागिता की।

तीर्थ पुरोहित महासंघ के पदाधिकारियों, सामाजिक संस्था ओम साई विजन की विनीता शर्मा, जगदीश पचरंगिया एवं उनकी टीम, शहर के प्रबुद्ध नागरिकों, स्वास्थ्य अधिकारी हरीश व्यास के नेतृत्व में नगर निगम के अधिकारियों एवं स्वच्छता कर्मियों तथा केवट समाज के उमराव और उनकी टीम ने भी स्वच्छता अभियान में सहयोग किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *