झांसी के गुरसराय में आसरा आवासों का एडीएम ने किया भौतिक सत्यापन, 147 आवासों पर नए पात्र कर सकेंगे आवेदन

झांसी। नगर पालिका गुरसराय में निर्मित आसरा आवासों के आवंटन को लेकर जिलाधिकारी झांसी ने संज्ञान लेते हुए पात्र लोगों को योजना का लाभ दिलाने की प्रक्रिया शुरू कराई है। पात्र लोगों द्वारा आवेदन नहीं किए जाने के मामले में जिलाधिकारी ने कमेटी गठित कर आवासों की स्थिति और पात्रता प्रक्रिया की समीक्षा के निर्देश दिए हैं।

इसी क्रम में शनिवार को अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व पल्लवी मिश्रा ने नगर पालिका गुरसराय क्षेत्र में निर्मित आसरा आवासों का भौतिक सत्यापन किया। उन्होंने मौके पर पहुंचकर आवासों की वर्तमान स्थिति का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों से आवासों के अभिलेख, आवंटन और पात्र लाभार्थियों के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

नगर पालिका गुरसराय में कुल 372 आसरा आवास निर्मित हैं। इनमें से 96 आवासों का आवंटन किया जा चुका है, जबकि 129 आवासों के लिए पात्र लाभार्थियों का चयन हो चुका है। वहीं, 147 आवास ऐसे हैं, जिनके लिए नए पात्र लोग आवेदन कर सकते हैं।

एडीएम पल्लवी मिश्रा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजना की जानकारी पात्र लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाई जाए, ताकि इच्छुक पात्र व्यक्ति निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन कर सकें। उन्होंने कहा कि निर्मित आवासों का नियमानुसार उपयोग सुनिश्चित किया जाए और पात्र लाभार्थियों को योजना का लाभ दिलाने में किसी प्रकार की लापरवाही न हो।

भौतिक सत्यापन के दौरान भवन निर्माण खंड पीडब्ल्यूडी के एई, सीएनडीएस के प्रतिनिधि, नगर पालिका गुरसराय के अधिशासी अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। टीम ने आवासों की भौतिक स्थिति का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी दर्ज की।

एडीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सत्यापन की प्रक्रिया नियमानुसार पूरी करते हुए पात्र लाभार्थियों को आसरा आवास योजना का लाभ दिलाने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *