झांसी। जिलाधिकारी गौरांग राठी ने विकासखंड बबीना के ग्राम खैलार में ग्राम निधि से निर्मित कंप्यूटर लैब का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों से संवाद कर उनकी शिक्षा और भविष्य के संबंध में जानकारी ली। जिलाधिकारी ने कंप्यूटर शिक्षा में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) को भी शामिल किए जाने का सुझाव दिया।
इसके बाद जिलाधिकारी ने ग्राम सिमरावारी में ग्राम पंचायत एवं नगर निगम के बीच हुए एमओयू के तहत डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण से एकत्रित कचरे के निस्तारण की व्यवस्था का शुभारंभ किया। उन्होंने कचरा संग्रहण करने वाली गाड़ियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया तथा स्वच्छता के क्षेत्र में सहयोग करने वाले डोर-टू-डोर कर्मचारियों को सम्मानित किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि ग्राम सिमरावारी में लगभग डेढ़ वर्ष से डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण का कार्य संचालित है। अब नगर निगम के साथ एमओयू के माध्यम से कचरे के निस्तारण की व्यवस्था को और बेहतर किया गया है। उन्होंने ग्रामीणों से स्वच्छता व्यवस्था में सक्रिय सहयोग देने और ग्राम को नंबर-1 बनाने का आह्वान किया। व्यापारियों से भी दुकानों से निकलने वाला कचरा डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण कर्मियों को देने की अपील की।
इसके पश्चात जिलाधिकारी ने ग्राम पंचायत सिमरावारी में डिजिटल लाइब्रेरी का उद्घाटन किया। उन्होंने लाइब्रेरी का भ्रमण कर उपलब्ध पुस्तकों एवं शैक्षणिक संसाधनों की जानकारी ली तथा बच्चों को इन सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
सहरिया समुदाय के बीच पहुंचे जिलाधिकारी
विभिन्न कार्यक्रमों के बाद जिलाधिकारी ग्राम बडोरा में आयोजित जन चौपाल में पहुंचे, जहां उन्होंने सहरिया समुदाय के उत्थान एवं विकास से जुड़े विषयों पर चर्चा की। इस दौरान सहरिया समुदाय की बालिकाओं ने सांस्कृतिक नृत्य की प्रस्तुति दी।
जिलाधिकारी ने सहायक कलेक्टर एवं खंड विकास अधिकारी बबीना आयुष सैनी द्वारा सहरिया समुदाय के लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। इस अवसर पर सहरिया समुदाय के बच्चों के चिन्हित कर निर्गत कराए गए जन्म प्रमाण-पत्रों का वितरण भी किया गया।
जन चौपाल में चिकित्सा, एनआरएलएम, समाज कल्याण एवं शिक्षा विभाग सहित विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए शिविरों का जिलाधिकारी ने निरीक्षण किया। उन्होंने शिविरों में उपलब्ध सेवाओं और योजनाओं की जानकारी ली तथा बच्चों का अन्नप्राशन भी कराया।
जिलाधिकारी ने सहरिया समुदाय के लोगों की विभिन्न समस्याओं को सुना और संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। पेयजल आपूर्ति से जुड़ी समस्या सामने आने पर उन्होंने संबंधित अवर अभियंता को तत्काल गांव पहुंचकर वस्तुस्थिति की जानकारी ऑनलाइन माध्यम से उपलब्ध कराने तथा समस्या के यथासंभव समाधान के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने सहरिया समुदाय के अध्यापक बाबू भैया से भी संवाद किया और समुदाय के लोगों से शिक्षा तथा आर्थिक उन्नति के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अब समय केवल बातों का नहीं, बल्कि बदलाव का है। प्रशासन की ओर से सहरिया समुदाय के उत्थान एवं विकास के लिए हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड, सहायक कलेक्टर एवं खंड विकास अधिकारी बबीना आयुष सैनी, जिला पंचायत राज अधिकारी, संबंधित प्रशासक एवं सचिव सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

