झांसी। रानीपुर के ग्राम देवरी सिंहपुरा में सुखनई नदी में डूबने से तिवारी परिवार के पांच सदस्यों की मृत्यु की दुखद घटना के बाद मंडलायुक्त झांसी बिमल कुमार दुबे तहसील अधिकारियों के साथ पीड़ित परिवार के घर पहुंचे। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और शासन की ओर से दी जा रही आर्थिक सहायता से संबंधित प्रपत्र सौंपे। राहत राशि पीड़ित परिवार की महिलाओं के बैंक खातों में हस्तांतरित की जा चुकी है।
बताया गया कि गत दिवस सुखनई नदी में डूबने से अनूप कुमार, उनके पुत्र अर्पित, श्रेयांश व अभिनय तथा भांजे पुष्कर की मृत्यु हो गई थी। हादसे के बाद प्रशासन ने तत्काल राहत एवं सहायता की प्रक्रिया शुरू की।
मंडलायुक्त ने पीड़ित परिजनों को हरसंभव प्रशासनिक सहयोग का भरोसा दिलाते हुए कहा कि किसान आपदा निधि से भी नियमानुसार अतिरिक्त सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि इस दुख की घड़ी में शासन और प्रशासन पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है। बच्चों की शिक्षा के लिए शासन की ओर से जो भी आर्थिक सहायता देय होगी, उसे जल्द उपलब्ध कराया जाएगा।
मंडलायुक्त ने आमजन से अपील की कि नदी, तालाब, बांध और अन्य जलस्रोतों के आसपास विशेष सावधानी बरतें। जलस्तर बढ़ने अथवा तेज बहाव की स्थिति में किसी भी व्यक्ति को पानी के नजदीक नहीं जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि थोड़ी सी लापरवाही गंभीर हादसे का कारण बन सकती है। अभिभावकों से बच्चों को भी जलस्रोतों से दूर रखने की अपील की गई।
इस दौरान उपजिलाधिकारी मनोज भारती, तहसीलदार ललित कुमार, लेखपाल पुष्पेंद्र कुमार, पूर्व विधायक प्रागीलाल अहिरवार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

