झांसी। जनपद में संचारी रोग नियंत्रण अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए द्वितीय अंतरविभागीय बैठक मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. शिशिर पुरी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में स्वास्थ्य विभाग सहित विभिन्न संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने संचारी रोगों की रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए सभी विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि जनपद के सभी विद्यालयों में नोडल अध्यापक नामित कर विद्यार्थियों को संचारी रोगों से बचाव के प्रति जागरूक किया जाए।
विद्यार्थियों को मच्छरजनित रोगों से बचाव के लिए फुल आस्तीन के कपड़े पहनने, मच्छरदानी का प्रयोग करने और स्वच्छता के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया जाएगा। इसके साथ ही रैलियों के माध्यम से संचारी रोग नियंत्रण अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए गए।
ग्रामीण क्षेत्रों में सफाई और फॉगिंग पर विशेष जोर
जिला पंचायत राज अधिकारी को ग्राम प्रधानों के साथ बैठक आयोजित कर ग्रामीण क्षेत्रों में संचारी रोगों की रोकथाम के संबंध में जागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए गए। गांवों में प्रभात फेरी के माध्यम से लोगों को जागरूक करने के साथ नालियों की सफाई, झाड़ियों की कटाई और लार्विसाइड का छिड़काव सुनिश्चित कराया जाएगा।
जिन ग्रामों में डेंगू एवं मलेरिया के मामले सामने आए हैं, वहां प्राथमिकता के आधार पर फॉगिंग कराने के निर्देश दिए गए।
शहरी वार्डों में बनेगा फॉगिंग रोस्टर
नगर स्वास्थ्य अधिकारी को नगरीय क्षेत्र के सभी वार्डों में फॉगिंग एवं लार्वानाशक दवा के छिड़काव के लिए रोस्टर तैयार कर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
आईसीडीएस विभाग को निर्देशित किया गया कि सभी आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के माध्यम से दस्तक अभियान के दौरान आशा कार्यकत्रियों के साथ गृह भ्रमण कराया जाए। इस दौरान एंटोमोलॉजिकल सर्वे के साथ-साथ गंभीर कुपोषित (SAM) बच्चों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
सीएस प्रो ऐप पर गतिविधियों की होगी प्रविष्टि
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के अधीक्षकों, बीसीपीएम एवं बीपीएम को संचारी रोग नियंत्रण अभियान से संबंधित गतिविधियों की सीएस प्रो ऐप पर अनिवार्य प्रविष्टि सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
1 अक्टूबर को होगा अभियान का शुभारंभ
बैठक के अंत में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. शिशिर पुरी ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को 1 अक्टूबर 2026 को माननीय सदर विधायक पंडित रवि शर्मा द्वारा किए जाने वाले संचारी रोग नियंत्रण अभियान के शुभारंभ कार्यक्रम में प्रतिभाग करने के लिए आमंत्रित किया।
साथ ही सभी ब्लॉक अधीक्षकों को निर्देशित किया गया कि ब्लॉक स्तर पर भी जनप्रतिनिधियों के माध्यम से संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारंभ कराया जाए। अभियान के दौरान जनजागरूकता, स्वच्छता, मच्छर नियंत्रण और रोगों की रोकथाम से जुड़ी गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर विशेष जोर दिया जाएगा।

