फतेहपुर में खाना बनाते समय गैस सिलेंडर ब्लास्ट, मकान ढहा; चार लोगों की मौत

फतेहपुर। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के मलवां कस्बे में सोमवार शाम घरेलू LPG सिलेंडर फटने से बड़ा हादसा हो गया। विस्फोट इतना तेज था कि दो मंजिला इमारत ढह गई। हादसे में तीन साल के बच्चे समेत कम से कम चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हुए हैं।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। अधिकारियों के मुताबिक, घायलों में दो लोगों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है, जबकि एक व्यक्ति करीब 90 प्रतिशत तक झुलस गया है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

मुख्यमंत्री योगी ने मुआवजे का किया ऐलान

हादसे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। वहीं घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दिए जाने की बात कही गई है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को घायलों के समुचित और बेहतर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन की ओर से हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसा घर में खाना बनाते समय घरेलू LPG सिलेंडर में विस्फोट होने के बाद हुआ। पुलिस और प्रशासन की टीमें घटना से जुड़ी परिस्थितियों की जांच कर रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *