झाँसी। जनपद में सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था को दृष्टिगत रखते हुए शनिवार, 26 सितंबर 2026 को जिला कारागार, झाँसी का संयुक्त निरीक्षण किया गया। मा0 जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्रीमती कमलेश कच्छल, जिलाधिकारी झाँसी श्री गौरांग राठी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक झाँसी श्री विकास कुमार ने कारागार की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान जेल अधीक्षक भी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कारागार की सुरक्षा व्यवस्था, बैरकों, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों, प्रहरी व्यवस्था सहित अन्य सुरक्षा इंतजामों का गहन निरीक्षण किया। अधिकारियों ने कारागार परिसर में साफ-सफाई की स्थिति तथा बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं और अन्य व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान मा0 जिला एवं सत्र न्यायाधीश, जिलाधिकारी एवं एसएसपी झाँसी ने जेल प्रशासन को कारागार की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने तथा प्रत्येक स्तर पर सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने यह भी निर्देशित किया कि शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप कारागार में सुरक्षा, साफ-सफाई एवं बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।

