झांसी। जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी की अध्यक्षता में पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, बरुआसागर की विद्यालय प्रबंधन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विद्यालय की शैक्षिक गुणवत्ता, सुरक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, भोजन, विद्युत एवं स्वच्छता सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
बैठक में विगत वर्ष के परीक्षा परिणामों की समीक्षा के दौरान कक्षा-12 के वाणिज्य वर्ग का परिणाम संतोषजनक नहीं पाए जाने पर जिलाधिकारी ने शैक्षिक गुणवत्ता में सुधार के निर्देश दिए। छात्रावास की छात्राओं के शौचालयों की व्यवस्था में सुधार के लिए सहायक अभियंता लोक निर्माण विभाग एवं फिजिक्स अध्यापिका को संयुक्त रूप से निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।
पूरे विद्यालय में बढ़ाई जाएगी CCTV निगरानी
विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी अनाच्छादित क्षेत्रों को सीसीटीवी कैमरों से कवर करने के निर्देश दिए। इससे विद्यालय परिसर में निगरानी व्यवस्था को और मजबूत किया जा सकेगा।
सीडीओ ने छात्रों के साथ खाया खाना
विद्यालय की मैस में भोजन की गुणवत्ता की जांच के लिए मुख्य विकास अधिकारी श्री रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड ने मैस का निरीक्षण किया और छात्रों के साथ भोजन कर उसकी गुणवत्ता एवं स्वाद का परीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्वच्छता व्यवस्था पहले से बेहतर पाई गई। भोजन की गुणवत्ता एवं स्वाद में और सुधार के लिए आवश्यक सुझाव दिए गए।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि भोजन की गुणवत्ता का प्रत्येक माह खाद्य सुरक्षा अधिकारी के माध्यम से परीक्षण कराया जाए।
चिकित्सा और पेयजल व्यवस्था सुधारने के निर्देश
आकस्मिक चिकित्सा व्यवस्था की समीक्षा में प्रभारी चिकित्साधिकारी बरुआसागर ने बताया कि विद्यालय में स्टाफ नर्स तैनात है, जो सप्ताह में तीन दिन भ्रमण करती हैं। जिलाधिकारी ने आकस्मिक चिकित्सा कक्ष को व्यवस्थित करने के निर्देश दिए।
निर्बाध विद्युत आपूर्ति के लिए विद्यालय के विद्युत कनेक्शन को अर्बन फीडर से जोड़ने का प्रस्ताव रखा गया। इस पर अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड ग्रामीण को आवश्यक कार्रवाई करते हुए सात दिन में रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए।
बारिश के मौसम में स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए महाप्रबंधक जल संस्थान को पत्राचार करने के निर्देश भी दिए गए।
विद्यार्थी शिकायत प्रकोष्ठ और विशाखा समिति के गठन के निर्देश
जिलाधिकारी ने विद्यालय में विद्यार्थी शिकायत प्रकोष्ठ एवं विशाखा समिति का गठन करने के निर्देश दिए। साथ ही प्राप्त शिकायतों और उन पर की गई कार्रवाई का विवरण अगली बैठक में प्रस्तुत करने को कहा गया।
विद्यार्थी शिकायत प्रकोष्ठ के सभी सदस्यों के नाम और संपर्क नंबर विद्यालय में प्रमुखता से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए, ताकि विद्यार्थी आवश्यकता पड़ने पर संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर सकें।
इसके अलावा विद्यालय की स्वच्छता व्यवस्था की भी समीक्षा की गई और सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी श्री रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड, जिला विद्यालय निरीक्षक श्रीमती रती वर्मा, उप प्रधानाचार्य श्री प्रभाकर पांडे, सहायक अभियंता लोक निर्माण विभाग श्री नवनीत, प्रभारी चिकित्साधिकारी बरुआसागर डॉ. वी.एस. राजपूत तथा अभिभावकगण श्रीमती सरिता शर्मा, श्री राजू प्रजापति आदि उपस्थित रहे।

