झांसी। सेवा संकल्प अभियान 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर 2026 के अंतर्गत प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के निरंतर सेवाकाल की जनकल्याणकारी उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने और नागरिकों को विकसित भारत 2047 के सामूहिक राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ने के उद्देश्य से 15 दिवसीय विकास प्रदर्शनी का शुभारम्भ किया गया।
महाराजा गंगाधर राव कला मंच परिसर में आयोजित प्रदर्शनी का शुभारम्भ उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री एवं झांसी के प्रभारी मंत्री श्री जयवीर सिंह ने सदर विधायक रवि शर्मा, एमएलसी श्रीमती रमा निरंजन, महानगर जिलाध्यक्ष सुधीर सिंह, जिलाधिकारी गौरांग राठी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विकास कुमार, मुख्य विकास अधिकारी रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड तथा नगर आयुक्त ए. सूदन की उपस्थिति में फीता काटकर किया।
प्रभारी मंत्री श्री जयवीर सिंह एवं उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और आमजन से अधिक से अधिक संख्या में प्रदर्शनी देखने का आह्वान किया। प्रदर्शनी के माध्यम से केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जा रही है।
02 अक्टूबर 2026 तक चलेगी प्रदर्शनी
यह विकास प्रदर्शनी झांसी किले की तलहटी में स्थित महाराजा गंगाधर राव कला मंच परिसर में आमजन के अवलोकन के लिए 02 अक्टूबर 2026 तक लगी रहेगी। यहां विभिन्न सरकारी योजनाओं, उपलब्धियों और विकास कार्यक्रमों को चित्रों एवं अन्य माध्यमों से प्रदर्शित किया गया है।
सेवा, सुशासन और विकास योजनाओं की जानकारी
सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग द्वारा आयोजित प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री के 25 वर्षों की जनसेवा, सेवा-सुशासन एवं गरीब कल्याण, डबल इंजन सरकार की उपलब्धियां, विकसित भारत 2047, नमो सेवा, सेवा की कहानी, सेवा ज्योति कलश यात्रा, वडनगर से वाराणसी यात्रा, सेवा मेरा योगदान, सेवा सेतु अभियान तथा सेवा के रंग-राष्ट्र के संग जैसे विषयों को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया है।
इसके अलावा प्रमुख धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों के पुनर्विकास एवं जीर्णोद्धार, अवस्थापना एवं कनेक्टिविटी, शिक्षा एवं कौशल, स्वास्थ्य एवं खेल, पंचायती राज सुशासन तथा एक जनपद एक उत्पाद (ODOP) जैसी योजनाओं एवं उपलब्धियों का भी विस्तारपूर्वक चित्रण किया गया है।
प्रदर्शनी के शुभारम्भ अवसर पर सहायक निदेशक सूचना सुरजीत सिंह ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष पवन कुमार गौतम, सदर विधायक रवि शर्मा, एमएलसी रमा निरंजन, महानगर जिलाध्यक्ष सुधीर सिंह, जिलाधिकारी गौरांग राठी, एसएसपी विकास कुमार, मुख्य विकास अधिकारी रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड, नगर आयुक्त ए. सूदन, सहायक निदेशक सूचना सुरजीत सिंह सहित पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधिगण एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

