अतिवृष्टि से फसल क्षति के सर्वे को लेकर किसान न हों भ्रमित: अपर जिलाधिकारी पल्लवी मिश्रा

झाॅसी: जनपद में अतिवृष्टि से हुई फसल क्षति के आकलन के लिए सर्वे कार्य तेजी से चल रहा है। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व श्रीमती पल्लवी मिश्रा ने किसानों से अपील की है कि वे डिजिटल क्रॉप सर्वे और फसल क्षति के सर्वे को अलग-अलग समझें तथा किसी भी तरह के भ्रम में न पड़ें।

अपर जिलाधिकारी ने बताया कि विगत दिनों हुई अतिवृष्टि के कारण जनपद की विभिन्न तहसीलों में फसलों को हुए नुकसान का सर्वे वर्तमान में गतिमान है। तहसील स्तर पर लेखपालों द्वारा प्लॉट-टू-प्लॉट सर्वे कर फसल क्षति का आकलन किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि जनपद के लगभग 578 ग्राम अतिवृष्टि से प्रभावित हुए हैं। वहीं, जिन किसानों ने अपनी फसल का बीमा कराया है और कृषि विभाग के टोल फ्री नंबर 14447 पर फसल क्षति से संबंधित शिकायत दर्ज कराई है, उनके मामलों के सर्वे के लिए तहसीलवार टीमें गठित की गई हैं। इन टीमों में लेखपाल, पंचायत सहायक तथा बीमा कंपनी के कर्मचारी शामिल हैं।

अपर जिलाधिकारी के अनुसार, टोल फ्री नंबर 14447 पर जनपद में अब तक 24,000 से अधिक शिकायतें दर्ज की जा चुकी हैं। इन शिकायतों के आधार पर भी संबंधित स्तर पर सर्वे एवं आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

डिजिटल क्रॉप सर्वे को फसल क्षति सर्वे न समझें

अपर जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनपद में 10 अगस्त से खरीफ पड़ताल/डिजिटल क्रॉप सर्वे का कार्य भी चल रहा है। इस सर्वे के लिए शासन के निर्देशानुसार लेखपालों के साथ पंचायत सहायक, ग्राम रोजगार सेवक, कृषि विभाग के बीटीएम (ब्लॉक टेक्निकल मैनेजर), एटीएम (असिस्टेंट टेक्निकल मैनेजर) तथा प्रशिक्षित युवा, जिनके पास एंड्रॉयड मोबाइल फोन उपलब्ध है और जिन्हें फसलों की पहचान का ज्ञान है, की सेवाएं ली जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि डिजिटल क्रॉप सर्वे के दौरान इन व्यक्तियों द्वारा किया जा रहा सर्वे फसल क्षति का सर्वे नहीं है। किसानों को इसे लेकर भ्रमित होने की आवश्यकता नहीं है।

फसल क्षति का वास्तविक आकलन लेखपाल एवं कृषि विभाग से संबंधित अधिकारियों/कर्मचारियों द्वारा किया जा रहा है और इसकी प्रक्रिया वर्तमान में जारी है। अपर जिलाधिकारी ने किसानों एवं आमजन से अपील की कि दोनों सर्वे कार्यों के अंतर को समझें और किसी भी अफवाह अथवा भ्रम की स्थिति में संबंधित तहसील अथवा विभागीय अधिकारियों से जानकारी प्राप्त करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *