कानपुर। आगामी जनगणना को लेकर कानपुर में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में DLCCC (District Level Census Coordination Committee) की बैठक आयोजित कर जनगणना से संबंधित तैयारियों और प्रशिक्षण कार्यक्रम की समीक्षा की गई। बैठक में अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समयसीमा में पूरी करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में बताया गया कि कानपुर में 16 नवंबर से 30 नवंबर तक स्वगणना का चरण आयोजित किया जाएगा। इसके बाद 1 दिसंबर से 4 जनवरी तक प्रगणक घर-घर पहुंचकर जनगणना की प्रक्रिया पूरी करेंगे।
हर व्यक्ति से पूछे जाएंगे 40 सवाल
अधिकारियों के अनुसार जनगणना के दौरान प्रत्येक व्यक्ति से लगभग 40 सवाल पूछे जाएंगे। इसके लिए किसी भी प्रकार के दस्तावेज प्रस्तुत करने की आवश्यकता नहीं होगी। जनगणना का उद्देश्य निर्धारित जानकारी को डिजिटल माध्यम से दर्ज करना है।
पूरी तरह डिजिटल होगी जनगणना
बैठक में बताया गया कि इस बार जनगणना की प्रक्रिया को डिजिटल माध्यम से पूरा किया जाएगा। स्वगणना के दौरान नागरिक स्वयं निर्धारित प्रक्रिया के माध्यम से अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे। इसके बाद प्रगणक घर-घर जाकर आवश्यक जानकारी का सत्यापन एवं प्रक्रिया को पूरा करेंगे।
15 अक्टूबर तक प्रशिक्षण पूरा करने का लक्ष्य
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनगणना कार्य से जुड़े फील्ड ट्रेनर और चार्ज ऑफिसरों का प्रशिक्षण 15 अक्टूबर तक पूरा किया जाए। साथ ही संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने तथा जनगणना से जुड़ी सभी तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए।
DM ने जनता से की स्वगणना में भाग लेने की अपील
जिलाधिकारी ने जिले के नागरिकों से अपील की कि वे स्वगणना के चरण में बढ़-चढ़कर भाग लें और निर्धारित समय में अपनी जानकारी उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य को सफल बनाने में आम नागरिकों की भागीदारी महत्वपूर्ण है।
बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों को जनगणना की प्रक्रिया को लेकर आम लोगों में जागरूकता बढ़ाने तथा उन्हें आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए। अधिकारियों ने तैयारियों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का आश्वासन दिया।
