झांसी में खनन कारोबारियों पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 4 करोड़ से अधिक की धनराशि जमा करने के आदेश

झांसी। जनपद में अवैध खनन, नियम विरुद्ध खनन, ओवरलोडिंग और स्वीकृत मात्रा से अधिक उपखनिज के भंडारण के खिलाफ जिला प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) एवं प्रभारी अधिकारी खनिज के नेतृत्व में जिला स्तरीय जांच टीमों ने विभिन्न खनन क्षेत्रों एवं भंडारण स्थलों पर छापामार कार्रवाई की।

जांच के दौरान अनियमितताएं पाए जाने पर विभिन्न भंडारणकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 4 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि जमा करने के आदेश जारी किए गए हैं। वहीं अगस्त माह से 15 सितंबर 2026 तक अवैध खनन एवं परिवहन के विरुद्ध कुल 284 छापे मारे गए, जिनमें शास्ति के रूप में 96 लाख 87 हजार 570 रुपये का खनन राजस्व वसूला गया है।

खनन माफिया को डीएम की सख्त चेतावनी

जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी ने कहा कि जनपद में अवैध खनन एवं नियम विरुद्ध खनन किसी भी दशा में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्वीकृत क्षेत्र के बाहर खनन, नदी की मुख्य धारा में खनन, भंडारण क्षेत्र में अनियमितता तथा अनुमन्य मात्रा से अधिक उपखनिज का भंडारण पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी विधिक कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि बालू, मौरंग और गिट्टी जैसे खनिज आम जनमानस से सीधे जुड़े हैं। खनिजों का कृत्रिम अभाव पैदा कर कालाबाजारी करने और कीमतों में अनावश्यक वृद्धि करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य जनसामान्य को उचित दर पर खनिज उपलब्ध कराने के साथ खनन व्यवसाय में पारदर्शिता और समान अवसर सुनिश्चित करना है।

खनन पट्टा निरस्त, 1.97 करोड़ रुपये की धनराशि का मामला

एडीएम न्याय के नेतृत्व में हुई जांच में तहसील गरौठा के ग्राम देवरी में श्री राघवेन्द्र सिंह पुत्र श्री मेघराज सिंह के पक्ष में पांच वर्ष की अवधि के लिए स्वीकृत बालू/मौरम खनन पट्टे में अवैध खनन से संबंधित 1 करोड़ 97 लाख 80 हजार रुपये की अधिरोपित धनराशि जमा न किए जाने पर पट्टा निरस्त कर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *