झांसी। जिले में वर्ष 2026 के वृक्षारोपण अभियान की प्रगति को लेकर प्रभारी जिलाधिकारी/मुख्य विकास अधिकारी श्री रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड ने विकास भवन स्थित अपने कक्ष से जूम मीटिंग के माध्यम से जिला वृक्षारोपण समिति की समीक्षा बैठक की। बैठक में पौधारोपण के साथ-साथ जियो टैगिंग, पौधों की जीवितता और उनके रखरखाव की स्थिति की समीक्षा की गई।
मुख्य सचिव, उत्तर प्रदेश शासन द्वारा वर्ष 2026 के लिए जनपद में 1 करोड़ 3 लाख 79 हजार 615 पौधों के पौधारोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। विभागीय अधिकारियों के अनुसार निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष पौधारोपण का कार्य शत-प्रतिशत पूरा कर लिया गया है। अब 4,771 वृक्षारोपण स्थलों की शत-प्रतिशत जियो टैगिंग सुनिश्चित की जानी है।
समीक्षा के दौरान जियो टैगिंग में अपेक्षित प्रगति न मिलने पर प्रभारी जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने उप निदेशक कृषि का वेतन बाधित करने के निर्देश दिए, जबकि उद्यान विभाग एवं लोक निर्माण विभाग (PWD) को शो-कॉज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन विभागों द्वारा अभी तक लक्ष्य के सापेक्ष शत-प्रतिशत जियो टैगिंग नहीं की गई है, वे तत्काल यह कार्य पूरा करें।
प्रभारी जिलाधिकारी ने कहा कि केवल पौधारोपण कर देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि पौधों की नियमित सुरक्षा, सिंचाई और देखरेख भी सुनिश्चित की जाए, ताकि अधिक से अधिक पौधे जीवित रह सकें। तेज हवा, बारिश या आंधी के कारण झुके अथवा टेढ़े हुए पौधों को सहारा देकर सीधा करने तथा उनके चारों ओर थावला बनाने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। मृत पौधों के स्थान पर तत्काल स्वस्थ पौधे लगाने को भी कहा गया।
उन्होंने सभी 28 विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि रोपित पौधों की जीवितता प्रतिशत की मासिक सूचना नियमित रूप से उपलब्ध कराई जाए। लापरवाही पाए जाने पर संबंधित विभाग के विरुद्ध कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि जुलाई 2026 में विभिन्न विभागों द्वारा कराए गए वृक्षारोपण का अंतर्विभागीय स्थलीय सत्यापन कराया जाए। इसके लिए टीम गठित कर 45 दिनों के भीतर भौतिक सत्यापन की कार्रवाई पूरी करने के निर्देश दिए गए।
प्रभागीय वनाधिकारी श्री विकास यादव ने बताया कि जिले में निर्धारित 1,03,79,615 पौधारोपण के लक्ष्य के सापेक्ष शत-प्रतिशत लक्ष्य पूरा कर लिया गया है। लगभग 11 विभागों द्वारा शत-प्रतिशत जियो टैगिंग पूरी कर ली गई है, जबकि रेलवे, ऊर्जा एवं पर्यावरण सहित करीब 11 अन्य विभागों ने 95 प्रतिशत से अधिक जियो टैगिंग पूरी कर ली है।
प्रभारी जिलाधिकारी ने शेष विभागों को भी जल्द से जल्द जियो टैगिंग का कार्य शत-प्रतिशत पूरा करने के निर्देश दिए।
जूम मीटिंग में उपायुक्त मनरेगा शिखर कुमार श्रीवास्तव, एसीएमओ डॉ. अंशुमान तिवारी, डीपीआरओ डॉ. बाल गोविन्द श्रीवास्तव, जिला विद्यालय निरीक्षक श्रीमती रति वर्मा, क्षेत्रीय प्रदूषण अधिकारी श्री इमरान खान सहित लोक निर्माण विभाग, कृषि विभाग, श्रम विभाग एवं अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
