मुंबई की फिल्मी दुनिया में अरमान ताहिल का बढ़ा कद, CINTAA 2026 चुनाव में शानदार जीत

मुंबई। सिनेमा और टेलीविजन जगत की प्रतिष्ठित संस्था CINTAA (Cine & TV Artistes Association) के वर्ष 2026 के चुनाव में फिल्म और टीवी इंडस्ट्री की कई जानी-मानी हस्तियों ने हिस्सा लिया। चुनाव परिणामों में अरमान ताहिल ने 237 वोट हासिल कर निर्वाचित उम्मीदवारों की सूची में 10वां स्थान प्राप्त किया। उनका कार्यकाल 2026 से 2029 तक रहेगा।

इस चुनाव में अरमान ताहिल के अलावा मनोरंजन जगत की कई चर्चित हस्तियों ने भी अपनी दावेदारी पेश की। इनमें नगमा, वर्षा उसगांवकर, कनिका, महाभारत में अर्जुन की भूमिका के लिए पहचाने जाने वाले फिरोज खान सहित कई कलाकार शामिल रहे। चुनाव ने फिल्म और टेलीविजन कलाकारों के बीच खासा उत्साह देखने को मिला।

वहीं CINTAA चुनाव में मतदान के लिए भी मनोरंजन जगत के कई वरिष्ठ कलाकार आगे आए। रीना रॉय, राजू खेर और राजा मुराद जैसे कलाकारों ने मतदान में अपनी भागीदारी दर्ज कराते हुए कलाकारों की संस्था के लोकतांत्रिक चुनाव में सक्रिय भूमिका निभाई।

घोषित परिणामों के अनुसार उपासना सिंह 360 वोटों के साथ पहले स्थान पर रहीं। सहिला चड्ढा को 357, विकास वर्मा को 349, दीपक पराशर को 348, कुनिका सदानंद को 312, वर्षा उसगांवकर शर्मा को 306 और नगमा मोरारजी को 290 वोट मिले। वहीं अरमान ताहिल को 237 वोट प्राप्त हुए और वे 15 निर्वाचित उम्मीदवारों की सूची में 10वें स्थान पर रहे।

CINTAA कलाकारों के अधिकारों, कल्याण और पेशेवर हितों से जुड़े मुद्दों के लिए महत्वपूर्ण संस्था मानी जाती है। ऐसे में अरमान ताहिल का 2026-2029 के कार्यकाल के लिए निर्वाचित होना उनके लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। अब उनसे उम्मीद की जा रही है कि वे कलाकारों से जुड़े मुद्दों को संस्था के मंच पर मजबूती से उठाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

अरमान ताहिल की जीत पर उनके समर्थकों और फिल्म-टेलीविजन जगत से जुड़े लोगों ने उन्हें बधाई दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *