फिरोजाबाद/शिकोहाबाद। शिकोहाबाद रेलवे यार्ड में खड़ी कैंपिंग कोच की गाड़ी में अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।
घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे अधिकारियों और पुलिस बल के साथ दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। आग की भयावहता को देखते हुए करीब एक दर्जन दमकल गाड़ियों को आग बुझाने के लिए लगाया गया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत करते हुए आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया।
बताया जा रहा है कि कैंपिंग कोच की गाड़ी रेलवे यार्ड में खड़ी थी। इसी दौरान उसमें अचानक आग लग गई। आग लगने के कारणों का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल सका है।
घटना की सूचना पर रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया। सुरक्षा की दृष्टि से आसपास के क्षेत्र में फोर्स तैनात कर दिया गया। दमकल कर्मियों द्वारा आग को पूरी तरह बुझाने और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास जारी रहा।
रेलवे अधिकारियों द्वारा घटना के कारणों और आग से हुए नुकसान की जांच की जा रही है। शुरुआती तौर पर सिलेंडर को भी आग की चपेट में आने की वजहों में देखा जा रहा है। हादसे के बाद रेलवे यार्ड में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
