झांसी। कलेक्ट्रेट के नवीन सभागार में निवर्तमान नगर आयुक्त श्रीमती आकांक्षा राणा (आईएएस) एवं नगर मजिस्ट्रेट श्री प्रमोद झा के स्थानांतरण के अवसर पर भावभीना विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी सहित जिले के वरिष्ठ अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दोनों अधिकारियों को स्मृति चिन्ह और पुष्पगुच्छ भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
समारोह में जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी ने नगर आयुक्त आकांक्षा राणा के लगभग साढ़े दस माह के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी प्रशासनिक क्षमता का लोहा मनवाते हुए एक आदर्श स्थापित किया। उन्होंने यातायात व्यवस्था में सुधार के लिए सड़क चौड़ीकरण, अनावश्यक खर्चों पर प्रभावी नियंत्रण, विकास कार्यों, स्वच्छता अभियान तथा जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए किए गए प्रयासों को उल्लेखनीय बताया। उनकी कार्यशैली को देखते हुए जिलाधिकारी ने उन्हें ‘आयरन लेडी’ की संज्ञा दी।
मुख्य विकास अधिकारी श्री रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड ने अपने विचार कविता के माध्यम से व्यक्त किए। उन्होंने आकांक्षा राणा की कार्यशैली, निष्ठा, ईमानदारी और जनसेवा की भावना की प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी स्पष्ट दृष्टि से शहर को नई राह दिखाने का कार्य किया। उन्होंने उनकी सहज उपलब्धता और आमजन की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुनने की कार्यशैली की भी सराहना की।
विदाई समारोह में श्रीमती आकांक्षा राणा ने झांसी की जनता, जनप्रतिनिधियों, मीडिया तथा नगर निगम की पूरी टीम के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि टीमवर्क और जनप्रतिनिधियों के सहयोग से ही शहर के विकास कार्यों को गति दी जा सकी।
इस अवसर पर जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी, एसएसपी श्री विकास कुमार, सीडीओ श्री रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड, समस्त अपर जिलाधिकारी, एसपी सिटी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने निवर्तमान नगर आयुक्त आकांक्षा राणा एवं नगर मजिस्ट्रेट प्रमोद झा को स्मृति चिन्ह एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया और नई जिम्मेदारी में सफलता एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
विदाई समारोह का संचालन श्री शिवाकांत ने किया। समारोह में कलेक्ट्रेट एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी भी मौजूद रहे।
