कानपुर। कानपुर मेट्रो ने सार्वजनिक परिवहन के क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। शहर में मेट्रो सेवा शुरू होने के बाद यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है और अब कानपुर मेट्रो ने 1.50 करोड़ यात्रियों का आंकड़ा पार कर लिया है। यह उपलब्धि शहरवासियों के बीच मेट्रो की बढ़ती लोकप्रियता और भरोसे को दर्शाती है।
आईआईटी कानपुर से कानपुर सेंट्रल तक संचालित मेट्रो का यह कॉरिडोर 15.50 किलोमीटर लंबा है, जिसमें 14 स्टेशन शामिल हैं। इस मार्ग पर यात्री करीब 27 मिनट में आईआईटी से कानपुर सेंट्रल तक सुविधाजनक, तेज और किफायती यात्रा कर सकते हैं।
कानपुर मेट्रो शहर में बढ़ते यातायात दबाव के बीच लोगों के लिए परिवहन का एक महत्वपूर्ण विकल्प बनकर उभर रही है। मेट्रो के जरिए यात्रियों को सड़क पर लगने वाले जाम से राहत मिलने के साथ ही समय की भी बचत हो रही है।
यात्रियों की सुविधा को बढ़ाने के लिए ईज़ ऑफ ट्रैवल, मल्टीमॉडल कनेक्टिविटी और ‘शो योर टैलेंट’ जैसी विभिन्न पहल भी की जा रही हैं। इन प्रयासों का उद्देश्य मेट्रो यात्रा को केवल आवागमन का माध्यम न रखकर यात्रियों के लिए सुविधाजनक और बेहतर अनुभव बनाना है।
1.50 करोड़ यात्रियों का आंकड़ा पार करना कानपुर मेट्रो के लिए एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। बढ़ती यात्री संख्या से संकेत मिलता है कि कानपुरवासी तेज, सुरक्षित और व्यवस्थित सार्वजनिक परिवहन को प्राथमिकता दे रहे हैं। आने वाले समय में मेट्रो नेटवर्क के विस्तार के साथ शहर की कनेक्टिविटी और मजबूत होने की उम्मीद है।
