उत्तर प्रदेश शासन ने गुरुवार को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए पांच आईएएस अधिकारियों का स्थानांतरण किया है। इस फेरबदल में जालौन और बहराइच के जिलाधिकारी बदले गए हैं। इसके साथ ही झांसी नगर आयुक्त समेत कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
शासन की ओर से जारी स्थानांतरण सूची के अनुसार जालौन के जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय को बहराइच का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं विशेष सचिव, आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग तथा प्रबंध निदेशक, यूपी डेस्को समीर को जालौन का नया जिलाधिकारी बनाया गया है।
प्रशासनिक फेरबदल के तहत आकांक्षा राना, जो वर्तमान में नगर आयुक्त झांसी के पद पर तैनात थीं, को विशेष सचिव, आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग तथा प्रबंध निदेशक, यूपी डेस्को की जिम्मेदारी दी गई है।
वहीं बी. सूदन, मुख्य विकास अधिकारी बाराबंकी को नगर आयुक्त झांसी के पद पर नियुक्त किया गया है। इसके अलावा पंकज वर्मा, सचिव, मुरादाबाद विकास प्राधिकरण को मुख्य विकास अधिकारी बाराबंकी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
शासन के इस प्रशासनिक फेरबदल के जरिए कुल पांच आईएएस अधिकारियों को नई तैनाती और जिम्मेदारियां दी गई हैं। तबादलों के बाद संबंधित जिलों और विभागों में प्रशासनिक कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद है।
