लखनऊ-दम्माम इंडिगो फ्लाइट में बम की धमकी, अहमदाबाद में इमरजेंसी लैंडिंग

लखनऊ। लखनऊ से सऊदी अरब के दम्माम जा रही इंडिगो एयरलाइन की फ्लाइट 6E 97 में बम की धमकी मिलने के बाद गुरुवार को अहमदाबाद एयरपोर्ट पर विमान की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। सुरक्षा के मद्देनजर विमान को अहमदाबाद डायवर्ट किया गया।

जानकारी के मुताबिक, फ्लाइट ने 10 सितंबर 2026 को शाम 4:17 बजे लखनऊ से उड़ान भरी थी। विमान को सऊदी अरब के दम्माम पहुंचना था, लेकिन बम की धमकी की सूचना मिलने के बाद पायलट ने सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत विमान को अहमदाबाद एयरपोर्ट पर उतारा। विमान शाम करीब 5:43 बजे सुरक्षित रूप से अहमदाबाद में लैंड हुआ।

फ्लाइट में कुल 107 यात्री और 6 क्रू मेंबर सवार थे। इमरजेंसी लैंडिंग के बाद एयरपोर्ट पर सुरक्षा एजेंसियों ने निर्धारित सुरक्षा प्रक्रिया के तहत विमान की जांच शुरू की।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बम की धमकी फर्जी (होक्स) पाई गई है। हालांकि, धमकी की सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसियों ने किसी भी तरह का जोखिम न लेते हुए तत्काल कार्रवाई की। घटना के स्रोत और धमकी देने वाले व्यक्ति की जांच की जा रही है।

यात्रियों और क्रू की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए विमान को अहमदाबाद में उतारना एहतियाती कदम था। मामले में सुरक्षा एजेंसियां आगे की जांच कर रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *