झांसी में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक भव्यता से चलेगा ‘सेवा संकल्प अभियान’: सीडीओ

झांसी। जनपद में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक एक माह का ‘सेवा संकल्प अभियान’ व्यापक जनभागीदारी के साथ आयोजित किया जाएगा। अभियान के तहत ग्राम पंचायत, न्याय पंचायत, नगर निकायों से लेकर जिला मुख्यालय तक जनसेवा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, पर्यावरण, सामाजिक सरोकार और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

विकास भवन सभागार में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्य विकास अधिकारी श्री रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड ने अधिकारियों को अभियान को केवल सरकारी आयोजनों तक सीमित न रखते हुए इसमें अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विभिन्न कार्यक्रमों के लिए नोडल अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करते हुए प्रभावी आयोजन और प्रतिदिन मॉनिटरिंग के निर्देश दिए। शिथिलता मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।

सीडीओ ने बताया कि अभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन एवं जनसेवा से जुड़ी उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने तथा नागरिकों को ‘विकसित भारत-2047’ के सामूहिक राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ना है। इसके लिए कार्यक्रमों का आयोजन गांवों, न्याय पंचायतों और नगरीय क्षेत्रों तक किया जाएगा।

अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगी। इस दौरान जनभागीदारी के साथ विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे तथा दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण वितरित किए जाएंगे।

अभियान के दौरान ‘करोड़ों बच्चों के सपनों का भारत’, ‘नमो सेवा गाथा’, ‘आंगन का उत्सव’, ‘कहानी बदलाव की’, ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’, ‘वडनगर से वाराणसी यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘घर-घर से राष्ट्र तक रंगोली’, ‘इनोवेशन चैलेंज’ और ‘जनसेवा महाकुंभ’ जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

‘सेवा मेरा योगदान’ के अंतर्गत स्वच्छता एवं वृक्षारोपण अभियान चलाने के साथ घाटों, पार्कों और गोशालाओं की सफाई एवं सौंदर्यीकरण कराया जाएगा। इसके अलावा रक्तदान शिविर आयोजित होंगे। ‘आरोग्य मेलों’ में स्वास्थ्य परीक्षण, चिकित्सकीय परामर्श और आवश्यक दवाओं के वितरण की व्यवस्था की जाएगी।

बच्चों और युवाओं के लिए विभिन्न रचनात्मक एवं नवाचार संबंधी कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें राष्ट्र निर्माण से जोड़ने पर विशेष जोर रहेगा। वहीं ‘नमो सेवा गाथा’ के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन, जनकल्याणकारी योजनाओं और विभिन्न क्षेत्रों में हुए बदलावों की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जाएगी।

सीडीओ ने बताया कि अभियान के महत्वपूर्ण पड़ाव के रूप में 7 अक्टूबर को जनपद में ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ निकाली जाएगी। इसके माध्यम से नागरिकों को विकसित भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का सामूहिक संकल्प दिलाया जाएगा। विभिन्न स्थानों पर बड़ी स्क्रीन लगाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का प्रसारण भी किया जाएगा।

बैठक में सीडीओ ने विभागवार जिम्मेदारियां निर्धारित करते हुए अधिकारियों को व्यापक कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि माहभर चलने वाला ‘सेवा संकल्प अभियान’ केवल कार्यक्रमों की श्रृंखला न रहकर जनसेवा, सामाजिक सहभागिता और विकसित भारत के संकल्प को गांव-गांव तथा शहर-शहर तक पहुंचाने का माध्यम बने।

उन्होंने अभियान के सभी कार्यक्रमों को व्यापक स्वरूप देने के लिए प्रचार-प्रसार पर विशेष जोर दिया और प्रतिदिन आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में बीडीओ बबीना आयुष सैनी, आईएएस, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व श्रीमती पल्लवी मिश्रा, अपर नगर आयुक्त राहुल कुमार यादव, डीडीओ राजेश कुमार, डीआईओएस श्रीमती रती वर्मा, बीएसए जितेन्द्र कुमार गौड़, डीएसटीओ डॉ. अर्चना सिंह, डीएसओ सुश्री सौम्या अग्रवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *