झांसी: क्षेत्राधिकारी टहरौली रक्षपाल सिंह ने थाना टहरौली का वार्षिक निरीक्षण कर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

झांसी। दिनांक 09 सितंबर 2026 को क्षेत्राधिकारी टहरौली श्री रक्षपाल सिंह द्वारा थाना टहरौली का वार्षिक निरीक्षण एवं अर्दली रूम किया गया। निरीक्षण के दौरान थाना परिसर, कार्यालय, हवालात, मालखाना, शस्त्रागार, बैरक, अभिलेखों एवं अन्य महत्वपूर्ण शाखाओं का जायजा लिया गया।

क्षेत्राधिकारी ने थाना परिसर में साफ-सफाई एवं अभिलेखों के रख-रखाव की स्थिति का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अभिलेखों को अद्यावधिक रखने, परिसर में स्वच्छता बनाए रखने तथा लंबित कार्यों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इसके पश्चात अर्दली रूम के दौरान पुलिसकर्मियों की समस्याओं एवं उनके कार्यों की समीक्षा की गई। क्षेत्राधिकारी ने अपराध नियंत्रण एवं कानून-व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के साथ ही लंबित विवेचनाओं का गुणवत्तापूर्ण एवं शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए।

उन्होंने वांछित एवं वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी तथा क्षेत्र में प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। साथ ही पुलिसकर्मियों को अपने दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए।

क्षेत्राधिकारी टहरौली श्री रक्षपाल सिंह ने सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों को आमजन की शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुनने और उनका नियमानुसार त्वरित निस्तारण करने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने जनता के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए पुलिस की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी एवं जनहितकारी बनाने पर जोर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *