कानपुर में सड़क पर लघुशंका का विरोध करना पड़ा भारी, ईंट-पत्थरों से पीटकर कारोबारी की हत्या

कानपुर। काकादेव के ओम चौराहा के पास सड़क किनारे लघुशंका करने का विरोध करने पर चार नशे में धुत युवकों द्वारा कथित तौर पर की गई मारपीट में 47 वर्षीय कारोबारी अमित कुमार की मौत हो गई। निजी अस्पताल में सोमवार देर रात उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना शनिवार रात की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार अमित कुमार शनिवार रात करीब 11 बजे नवीन नगर स्थित अपनी दुकान से घर लौट रहे थे। इसी दौरान ओम चौराहा के पास उन्होंने चार युवकों को शराब पीते देखा। आरोप है कि इनमें से एक युवक सड़क किनारे लघुशंका करने लगा। अमित कुमार ने इसका विरोध किया तो युवक उनसे गाली-गलौज करने लगा।

इसके बाद चारों युवकों ने कथित तौर पर अमित कुमार को घेर लिया और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि हमलावरों ने ईंट और पत्थरों से उनके सिर पर कई बार वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के दौरान आसपास लगे CCTV कैमरों में पूरी वारदात कैद होने की बात सामने आई है। फुटेज में राहगीरों द्वारा घायल अमित कुमार को बचाने का प्रयास करते हुए भी देखा गया, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अमित कुमार को अस्पताल में भर्ती कराया। बाद में परिजनों ने उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां हालत बिगड़ने पर उन्हें दूसरे अस्पताल रेफर किया गया। अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *