डीएम महोबा ने निर्माणाधीन 200 बेड अस्पताल एवं ट्रॉमा सेंटर का किया निरीक्षण, समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने के निर्देश

महोबा। जिलाधिकारी महोबा गजल भारद्वाज ने आज जनपद में निर्माणाधीन 200 बेड चिकित्सालय एवं ट्रॉमा सेंटर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति, गुणवत्ता और निर्धारित समयसीमा का जायजा लिया तथा कार्यदायी संस्था निर्माण खण्ड (भवन), लोक निर्माण विभाग, बाँदा के अधिकारियों से परियोजना की स्वीकृत लागत एवं कार्य पूर्ण होने की संभावित तिथि के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

यह परियोजना लगभग 10.33 एकड़ क्षेत्रफल में विकसित की जा रही है। परियोजना के अंतर्गत 200 बेड का अस्पताल एवं ट्रॉमा सेंटर, गेस्ट हाउस, धोबी घाट, प्रेस ब्लॉक, मोर्चरी, एंबुलेंस गैराज, पंप रूम तथा इलेक्ट्रिक सबस्टेशन का निर्माण किया जाना है।

इसके अतिरिक्त आवासीय भवनों के अंतर्गत टाइप-2, टाइप-3, टाइप-4 एवं एम.ओ. रेजिडेंस का निर्माण तथा अन्य विकास कार्य भी परियोजना में शामिल हैं।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन भवन के विभिन्न हिस्सों का बारीकी से निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों से निर्माण की वर्तमान स्थिति एवं गुणवत्ता के बारे में जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण कराए जाएं। निर्माण कार्य में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए और कार्य की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को परियोजना के कार्यों में तेजी लाने तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप निर्माण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

200 बेड अस्पताल एवं ट्रॉमा सेंटर का निर्माण पूर्ण होने के बाद जनपदवासियों को बेहतर, आधुनिक और त्वरित स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा। ट्रॉमा सेंटर के संचालन से गंभीर मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने में भी महत्वपूर्ण मदद मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *