झांसी। आपदाओं से निपटने के लिए जनपद के 200 विद्यालयों में इसी माह मुख्यमंत्री स्कूल सुरक्षा कार्यक्रम (फेस-3) आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन की तैयारियों को लेकर मुख्य विकास अधिकारी श्री रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई, जिसमें विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए।
मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों को आपदा प्रबंधन, प्राथमिक उपचार एवं सुरक्षा संबंधी व्यावहारिक प्रशिक्षण देना है। प्रशिक्षण के दौरान बाढ़, वज्रपात, लू तथा आग जैसी आपदाओं से बचाव के उपायों की जानकारी दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि जनपद के 200 विद्यालयों में इसी माह कार्यक्रम संचालित किया जाएगा। कार्यक्रम की तिथि एवं स्थान जल्द निर्धारित किए जाएंगे। प्रत्येक विद्यालय में प्रशिक्षकों द्वारा प्रशिक्षण दिया जाएगा तथा आपात स्थिति से निपटने के लिए मॉक ड्रिल भी कराई जाएगी। प्रशिक्षकों की टीम का चयन शीघ्र किया जाएगा।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि आपदा की स्थिति में बच्चों एवं शिक्षकों को सुरक्षित रखने के लिए विद्यालय स्तर पर जागरूकता और प्रशिक्षण बेहद आवश्यक है। कार्यक्रम के तहत पहले शिक्षकों को प्रशिक्षित किया जाएगा, इसके बाद विद्यालयों में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित होंगे। जनपद में प्रशिक्षण की जिम्मेदारी आपदा विशेषज्ञ श्री धीरज पाठक को सौंपी गई है।
कार्यक्रम के अंतर्गत एक दिवसीय प्रशिक्षण, स्कूल सुरक्षा गाइडलाइन, जागरूकता कार्यक्रम, विद्यालय आपदा प्रबंधन योजना तथा मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। मुख्य विकास अधिकारी ने चिकित्सा विभाग, अग्निशमन, यातायात एवं नागरिक सुरक्षा संगठन को समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि माह के अंत तक कार्यक्रमों का आयोजन कराया जा सके।
बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व श्रीमती पल्लवी मिश्रा ने बताया कि जनपद में 200 विद्यालयों का चयन किया जा रहा है। इनमें माध्यमिक शिक्षा विभाग के 50 सरकारी एवं 30 गैर सरकारी विद्यालय, बेसिक शिक्षा विभाग के 50 विद्यालय एवं 30 गैर सरकारी विद्यालय शामिल होंगे। इसके अतिरिक्त 40 महाविद्यालयों में भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व श्रीमती पल्लवी मिश्रा, सीओ ट्रैफिक सुश्री आसमां वकार, डीआईओएस श्रीमती रती वर्मा, बीएसए श्री जितेन्द्र गौड़, सीएफओ श्री आर.के. राय, जिला आपदा प्रबंधक श्री धीरज पाठक सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
