झांसी। एसएसपी विकास कुमार ने थाना चिरगांव का किया निरीक्षण, अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को लेकर दिए सख्त निर्देश

झांसी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक झांसी श्री विकास कुमार ने शनिवार, 05 सितंबर 2026 को थाना चिरगांव का निरीक्षण कर थाना परिसर, कार्यालयीन व्यवस्थाओं एवं पुलिसकर्मियों को उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने साफ-सफाई एवं व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।

एसएसपी ने थाना कार्यालय, हवालात, मालखाना, महिला हेल्प डेस्क, सीसीटीएनएस कार्यालय सहित विभिन्न महत्वपूर्ण शाखाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान संबंधित अभिलेखों एवं व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए उन्हें अद्यावधिक रखने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने अपराध नियंत्रण एवं रोकथाम, लंबित विवेचनाओं के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण तथा वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी को लेकर प्रभारी निरीक्षक एवं संबंधित पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उन्होंने जनशिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण पर विशेष जोर देते हुए कहा कि थाने पर आने वाले प्रत्येक फरियादी के साथ सम्मानजनक एवं शालीन व्यवहार सुनिश्चित किया जाए। महिला हेल्प डेस्क के निरीक्षण के दौरान महिला संबंधी शिकायतों पर तत्काल और संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

एसएसपी ने बीट पुलिसिंग को प्रभावी बनाने, क्षेत्र में नियमित भ्रमण एवं गश्त बढ़ाने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। साथ ही आगामी त्योहारों एवं आयोजनों को देखते हुए शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रभावी पुलिस प्रबंध सुनिश्चित करने को कहा।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षण ग्रामीण डॉ. अरविन्द कुमार सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *