झांसी। कस्बा मोंठ के किले के मैदान में आगामी 6 सितंबर 2026 को माननीय विधायक श्री जवाहर लाल राजपूत के आयोजकत्व में दही-हांडी कार्यक्रम आयोजित किया जाना प्रस्तावित है। कार्यक्रम का आयोजन सुबह करीब 10 बजे से होगा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं आमजन के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस ने यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष यातायात डायवर्जन प्लान लागू किया है।
पुलिस के अनुसार डायवर्जन व्यवस्था सुबह 8 बजे से कार्यक्रम की समाप्ति तक प्रभावी रहेगी। इस दौरान संबंधित मार्गों पर भारी वाहनों एवं बाहरी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रखते हुए उन्हें निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से गुजारा जाएगा, ताकि कस्बे में जाम की स्थिति उत्पन्न न हो और आमजन का आवागमन सुरक्षित एवं सुचारू बना रहे।
इन मार्गों पर रहेगा डायवर्जन
1. झांसी से कानपुर की ओर जाने वाले वाहन:
झांसी से कानपुर जाने वाले भारी वाहन एवं बाहरी वाहन मोंठ बाईपास से कस्बा मोंठ के अंदर प्रवेश नहीं करेंगे और सीधे नेशनल हाईवे के रास्ते कानपुर की ओर जाएंगे।
2. कानपुर से झांसी की ओर जाने वाले वाहन:
कानपुर से झांसी आने वाले भारी वाहन एवं बाहरी वाहन बम्हरौली बाईपास से कस्बा मोंठ में प्रवेश नहीं करेंगे और सीधे नेशनल हाईवे के रास्ते झांसी की ओर जाएंगे।
3. भांडेर रोड की ओर से आने वाले वाहन:
भांडेर रोड से शाहपुर तिराहा होते हुए कस्बा मोंठ की ओर आने वाले भारी वाहन एवं बाहरी वाहन कस्बे में प्रवेश नहीं करेंगे। इन्हें कुम्हरार रोड होते हुए नेशनल हाईवे की ओर भेजा जाएगा।
4. समथर रोड की ओर से आने वाले वाहन:
समथर रोड से मोंठ की ओर आने वाले भारी वाहन एवं बाहरी वाहन कस्बे में प्रवेश नहीं करेंगे। इन्हें समथर तिराहा से बम्हरौली बाईपास होते हुए नेशनल हाईवे की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
5. कुम्हरार रोड की ओर से आने वाले वाहन:
कुम्हरार रोड से कस्बा मोंठ की ओर आने वाले भारी वाहन एवं बाहरी वाहन कस्बे में प्रवेश नहीं करेंगे और सीधे हाईवे से अपने गंतव्य की ओर जाएंगे।
6. जौरा रोड की ओर से आने वाले वाहन:
जौरा रोड की ओर से कस्बा मोंठ आने वाले भारी वाहन एवं बाहरी वाहन भी कस्बे के अंदर प्रवेश नहीं करेंगे और सीधे हाईवे के रास्ते अपने गंतव्य स्थान की ओर जाएंगे।
पुलिस ने आमजन से की सहयोग की अपील
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि दही-हांडी कार्यक्रम के दौरान भीड़ का सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने, यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने तथा शांति एवं कानून-व्यवस्था कायम रखने के लिए डायवर्जन व्यवस्था लागू की गई है।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे डायवर्जन व्यवस्था में पुलिस का सहयोग करें तथा निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही प्रयोग करें। इससे कार्यक्रम के दौरान यातायात व्यवस्था बेहतर बनाए रखने में मदद मिलेगी और आमजन को अनावश्यक जाम का सामना नहीं करना पड़ेगा।
यह जानकारी थाना मोंठ के प्रभारी निरीक्षक श्री धर्मेंद्र सिंह एवं क्षेत्राधिकारी मोंठ श्री सुनील कुमार शर्मा की ओर से जारी की गई है।
