मॉल रोड की वेस्टकॉट बिल्डिंग में LIC ऑफिस में लगी आग, दमकल ने पाया काबू

कानपुर। मॉल रोड स्थित रिजर्व बैंक के सामने वेस्टकॉट बिल्डिंग में LIC ऑफिस में गुरुवार तड़के आग लगने से हड़कंप मच गया। बिल्डिंग के ऊपरी तल पर रिहाइश होने के कारण घटना को संवेदनशील मानते हुए अग्निशमन विभाग ने तत्काल कार्रवाई की।
03 सितंबर 2026 को सुबह 5:18 बजे आग की सूचना मिलते ही फायर स्टेशन लाटूश रोड से दमकल की यूनिटें घटनास्थल के लिए रवाना हुईं। मौके पर पहुंचने पर पता चला कि 37/12 वेस्टकॉट बिल्डिंग के द्वितीय तल पर स्थित LIC कार्यालय में आग लगी थी।
आग की गंभीरता को देखते हुए फायर स्टेशन कर्नलगंज से दो मोटर फायर इंजन भी बुलाए गए। प्रभारी अधिकारी लाटूश रोड/कर्नलगंज प्रदीप कुमार शर्मा भी मौके पर पहुंचे। दमकल कर्मियों ने तत्काल अग्निशमन कार्य शुरू कर कुछ समय की लगातार पंपिंग के बाद आग को पूरी तरह बुझा दिया।
अग्निकांड में LIC ऑफिस में रखा फर्नीचर व अन्य सामान जलकर क्षतिग्रस्त हो गया। सुबह 10:57 बजे इसी प्रतिष्ठान में आग के दोबारा सुलगने की सूचना मिलने पर लाटूश रोड से एक दमकल यूनिट मौके पर पहुंची और आग को पूरी तरह बुझा दिया।
राहत की बात यह रही कि घटना में कोई घायल नहीं हुआ और न ही जनहानि हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *