पूर्व एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा बने राम मंदिर ट्रस्ट के नए CEO, तीन नए ट्रस्टी भी नियुक्त

अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में बड़ा प्रशासनिक बदलाव किया गया है। ट्रस्ट की उच्चस्तरीय बैठक में पूर्व एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा (रिटायर्ड) को ट्रस्ट का नया मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) नियुक्त करने के फैसले पर मुहर लगाई गई। इसके साथ ही लंबे समय से रिक्त चल रहे ट्रस्ट के तीन महत्वपूर्ण पदों पर भी नए सदस्यों की नियुक्ति की गई है।

नए CEO के रूप में नियुक्त होने के बाद एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा ने चयन समिति का आभार जताया। उन्होंने कहा कि इतने लोगों में से उन्हें इस जिम्मेदारी के लिए चुना जाना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने इसे भगवान श्रीराम का आशीर्वाद बताते हुए कहा कि 43 वर्षों तक राष्ट्र सेवा और भारतीय वायु सेना में सेवा देने के बाद अब उन्हें श्रीराम मंदिर और देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की सेवा का एक और अवसर मिला है।

जितेंद्र मिश्रा ने कहा कि वह इस नई जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाने का प्रयास करेंगे। राम मंदिर से जुड़ी व्यवस्थाओं, श्रद्धालुओं की सुविधा और ट्रस्ट के कार्यों को बेहतर तरीके से आगे बढ़ाने में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

तीन नए ट्रस्टी भी शामिल

CEO की नियुक्ति के साथ ही श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में तीन नए सदस्यों को भी शामिल किया गया है। इनमें दिल्ली के प्रसिद्ध समाजसेवी महेश भागचंदका, शिकोहाबाद की डॉ. निर्मला यादव और अयोध्या के वरिष्ठ अधिवक्ता मदन मोहन पांडेय शामिल हैं।

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अंतरिम महासचिव कृष्ण मोहन ने नियुक्तियों की जानकारी देते हुए बताया कि दिल्ली निवासी महेश भागचंदका, अयोध्या निवासी मदन मोहन पांडेय और शिकोहाबाद निवासी डॉ. निर्मला यादव अब श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट, अयोध्या के नए ट्रस्टी होंगे।

ट्रस्ट में नए CEO और तीन नए ट्रस्टियों की नियुक्ति को राम मंदिर की व्यवस्थाओं को और अधिक मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के साथ ही श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या और मंदिर से जुड़ी व्यवस्थाओं का विस्तार लगातार हो रहा है। ऐसे में पूर्व सैन्य अधिकारी को CEO की जिम्मेदारी सौंपे जाने से प्रशासनिक और प्रबंधन स्तर पर नई कार्यशैली देखने को मिल सकती है।

नई जिम्मेदारियों के साथ ट्रस्ट के सामने मंदिर परिसर की व्यवस्थाओं, श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, प्रशासनिक समन्वय और भविष्य की योजनाओं को प्रभावी ढंग से संचालित करने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *